धमतरी पुलिस की जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई, 21 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
बिरेझर, भखारा और सिहावा क्षेत्र के पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश, 10,570 रुपये नगद एवं ताश की 52 पत्ती जब्त

धमतरी। जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देश पर 9 नवंबर को बिरेझर, भखारा एवं सिहावा क्षेत्र में पुलिस टीमों ने पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर जुआ खेल रहे कुल 21 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम चरोद, उमरगांव, देवरी, भेलवाकूद्रा एवं बिरगुड़ी में कार्रवाई की। इन स्थानों पर आरोपी सार्वजनिक जगहों पर ताश की 52 पत्तियों से काट-पत्ती नामक हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 10,570 रुपये नगद तथा ताश की 52 पत्ती जब्त की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम चरोद में रंगमंच के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एकल साहू (27 वर्ष), भीमराज साहू (47 वर्ष), विजय साहू (44 वर्ष), केवल साहू (27 वर्ष), जयप्रकाश ढीमर (28 वर्ष) एवं अजय बघेल (29 वर्ष) शामिल हैं। सभी ग्राम गोतियारडीही, थाना अभनपुर के निवासी बताए गए हैं। इनके पास से 5,700 रुपये नगद एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की गई।
इसी प्रकार थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम उमरगांव में घटुला जाने वाले मार्ग पर इमली पेड़ के नीचे जुआ खेलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें नारायण महार (28 वर्ष), योगेश सूर्यवंशी (52 वर्ष) एवं खेलन मरकाम (42 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम उमरगांव, थाना सिहावा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,600 रुपये नगद एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की।
थाना भखारा पुलिस ने ग्राम देवरी के बाजार चौक में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें खिलेश्वर बैस (36 वर्ष), घनश्याम तारक (20 वर्ष), रूपेश कुमार तारक (28 वर्ष) एवं योगेश्वर चंद्राकर (34 वर्ष) शामिल हैं। सभी ग्राम देवरी के निवासी हैं। इनके पास से 850 रुपये नगद एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की गई।
वहीं थाना भखारा की दूसरी कार्रवाई में ग्राम भेलवाकूद्रा स्थित हनुमान मंदिर के पास जुआ खेलते हुए चार आरोपी पकड़े गए। इनमें महेन्द्र धनकर (34 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, अमृत बांधे (22 वर्ष), निवासी ग्राम डिदगा, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग, तीकम साहू (23 वर्ष) एवं खिलेश पटेल (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 870 रुपये नगद एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की।
थाना सिहावा पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में ग्राम बिरगुड़ी के हर्रापारा स्थित शिव मंदिर के पीछे जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें डमरू नाग, सुनील सिंघे, किरण कश्यप, कमल धुडेंसी एवं लोकेश देव शामिल हैं। सभी ग्राम बिरगुड़ी हर्रापारा, थाना सिहावा क्षेत्र के निवासी हैं। इनके पास से 1,550 रुपये नगद एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की गई।
इस प्रकार धमतरी पुलिस ने पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 21 जुआरियों को गिरफ्तार कर 10,570 रुपये नगद जब्त किए हैं।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।