दीपावली पर महापौर रामू रोहरा ने नगर निगम कार्यालय में की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना

दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं, नगर निगम परिवार के साथ मनाया पर्व
धमतरी- दीपावली के पावन एवं मंगलमय अवसर पर नगर पालिक निगम धमतरी कार्यालय में महापौर जगदीश रामू रोहरा ने विधि-विधान एवं पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की पूजा कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नगर निगम धमतरी सहित पूरे शहर के निरंतर विकास, खुशहाली और उन्नति की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात महापौर श्री रोहरा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पावन पर्व की समस्त प्रदेशवासियों एवं धमतरी नगर के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है।
महापौर ने कहा कि दीपावली का पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि, खुशियां और नई उम्मीदों का उजियारा लेकर आए। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, गौवंश एवं पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देती है, वहीं भाई दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि इन पावन पर्वों पर सभी के घरों में खुशहाली आए तथा धमतरी शहर विकास, स्वच्छता और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे।
इस अवसर पर सभापति, एम.आई.सी. सदस्यगण, पार्षदगण, एल्डरमैन, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
