Uncategorized

युवा फेस्ट-2026 के सकारात्मक परिणाम परिलक्षित, धमतरी के प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ आईआईटी बॉम्बे के FinEDGE Pitch Arena -2026 के लिए चयनित

देशभर से चयनित सात टीमों में मिली जगह, आईआईटी बॉम्बे में आयोजित लाइव पिचिंग सत्र में प्रस्तुत करेंगे स्टार्टअप की अवधारणा,कलेक्टर ने दी बधाई

धमतरी- धमतरी में 24-25 अप्रैल को आयोजित युवा फेस्ट-2026 के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। आयोजन के माध्यम से जिले के युवाओं को तकनीक, नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और दक्षता प्रदर्शित करने के अवसर प्राप्त हुए। इसी क्रम में युवा फेस्ट के अंतर्गत आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यशाला से जुड़े युवा उद्यमी श्री प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप ऑटो जीएसटी का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे द्वारा आयोजित FinEDGE PitchArena-2026 के लिए हुआ है। देशभर से प्राप्त आवेदनों के मूल्यांकन के उपरांत अंतिम रूप से चयनित सात टीमों में श्री ताम्रकार के स्टार्टअप को स्थान प्राप्त हुआ है।
इस चयन के फलस्वरूप अभनपुर निवासी श्री प्रतीक ताम्रकार को आईआईटी बॉम्बे में आयोजित लाइव पिचिंग सत्र में अपने स्टार्टअप की अवधारणा, नवाचार एवं व्यावसायिक संभावनाओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह उपलब्धि जिले के युवाओं की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता एवं उद्यमशीलता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली है।प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ नियामक प्रौद्योगिकी एवं पर्यवेक्षी प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से संबंधित है। इसके माध्यम से जीएसटी एवं वित्तीय अनुपालन से जुड़ी प्रक्रियाओं को तकनीक आधारित बनाकर अधिक सरल, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वित्तीय एवं कर अनुपालन प्रक्रियाओं में प्रौद्योगिकी के उपयोग की दृष्टि से यह क्षेत्र महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर श्री प्रतीक ताम्रकार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के युवा का आईआईटी बॉम्बे जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चयनित होना जिले के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जिले में उपलब्ध युवा प्रतिभाओं, नवाचार की संभावनाओं एवं उद्यमशीलता के प्रति बढ़ती रुचि को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने से वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। कलेक्टर ने श्री ताम्रकार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं को भी नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उल्लेखनीय है कि धमतरी में 24-25 अप्रैल को आयोजित युवा फेस्ट-2026 का आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा संवर्धन एवं कौशल उन्नयन के उद्देश्य से किया गया था। इसके अंतर्गत तकनीक, खेल, कला, संस्कृति, नवाचार एवं उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियां आयोजित की गईं। विशेष रूप से ए आई कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक एवं उसके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्रदान करने के साथ नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप का आईआईटी बॉम्बे के प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयन युवा फेस्ट-2026 के उद्देश्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह दर्शाता है कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को उपलब्ध कराए गए अवसर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के मंचों तक पहुंचने में सहायक हो सकते हैं। युवा फेस्ट के माध्यम से जिले में नवाचार, तकनीकी दक्षता एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब परिलक्षित होने लगे हैं। इससे जिले के अन्य युवाओं को भी अपने नवाचारी विचारों को विकसित करने और उन्हें व्यावहारिक स्वरूप प्रदान करने की प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!