Uncategorized

102.47 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने के दौरान करना पड़ा विरोध का सामना

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के धमतरी जिले अंतर्गत करका क्षेत्र में आरक्षित वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की हुई कार्रवाई


धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के धमतरी जिले अंतर्गत करका क्षेत्र में आरक्षित वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले से प्रस्तावित थी। इसके लिए वन विभाग ने पुलिस और प्रशासनिक बल की मौजूदगी में तैयारी की थी। गुरुवार को जब टीम बेदखली की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन तेज हो गया और ग्रामीणों ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस और वन अमले को भीड़ को नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी। दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। इसी दौरान टीआई सहित वन विभाग के तीन कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया। विरोध और झूमाझटकी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें श्यामलाल पिता सुकलाल नेताम 55 वर्ष, देवलाल पिता सुकलाल 40 वर्ष दोनों निवासी करका तथा योगेश कुमार पिता चैतराम मरकाम 28 वर्ष निवासी लिखमा बोराई शामिल हैं। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान वनभूमि में आगजनी की घटना भी सामने आई है। इस संबंध में धमतरी जिले के खल्लारी थाना में अलग से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की गई है। संबंधित लोगों को पहले ही वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में किसी ने भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए माहौल बिगाडऩे का प्रयास किया। वनभूमि में आगजनी करने वालों के साथ ही ग्रामीणों को भड़काने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि मामला उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र अरसीकन्हार अंतर्गत परिसर करका में 102.47 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था। जिसमें 3433 पेड़ों को नुकसान, 62.94 करोड़ की क्षति का आकंलन किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!