Uncategorized

चक्रवात अकवान का धमतरी जिले में दिखने लगा असर, रातभर होती रही बूंदाबांदी

आसमान में छाए रहे बादल, बेमौसम बारिश से धान और सब्जी की फसलों पर मंडराया खतरा, जनजीवन भी प्रभावित


धमतरी। चक्रवात अकवान का असर अब धमतरी जिले में भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार रात से ही मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। हवाओं की गति बढऩे के साथ ही बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया, जो पूरी रात रुक-रुककर जारी रहा। वहीं शुक्रवार सुबह से भी हल्की बारिश और फुहारें पडऩे का सिलसिला बना हुआ है। आसमान में सुबह से ही घने बादल छाए रहे, जिसके चलते मौसम में ठंडक घुल गई और जनजीवन प्रभावित नजर आया। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में इन दिनों खेतों में धान की फसल खड़ी है और कई स्थानों पर फसल कटकर तैयार है। ऐसे समय में बेमौसम बारिश किसानों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। लगातार नमी और बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचने, खेतों में पानी भरने तथा कटाई कार्य प्रभावित होने की आशंका है। वहीं सब्जी उत्पादक किसानों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है। बारिश और तेज हवाओं से सब्जियों की फसल प्रभावित होने तथा उत्पादन पर असर पडऩे की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी का काम मौसम पर काफी हद तक निर्भर रहता है। ऐसे में फसल तैयार होने के समय अचानक हुई बारिश उनकी मेहनत और लागत पर पानी फेर सकती है। यदि मौसम का यही रुख आगे भी जारी रहता है तो कृषि कार्यों के साथ ही फसल की गुणवत्ता और उपज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इधर मौसम में आए बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। सुबह से रुक-रुककर हो रही फुहारों के कारण सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही प्रभावित रही। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को मौसम में बदलाव का एहसास हुआ। रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से निकलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!