चाकू दिखाकर कर दहशत फैलाने वाले को पुलिस ने किया गिरफतार,आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया जेल

पुलिस पेट्रोलिंग टीम शहर भ्रमण पर थी, तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ओंकार उर्फ रवि रजक नामक व्यक्ति हनुमंत नगर जाने वाले मार्ग स्थित पुल के पास आम जगह में धारदार चाकू लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे आने-जाने वाले नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है।जिसकी सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने देखा कि आरोपी हाथ में धारदार चाकू लेकर सार्वजनिक स्थान पर लोगों को भयभीत कर रहा था, जिससे वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर जा रहे थे। पुलिस ने सूझबूझ एवं तत्परता से आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी उक्त धारदार हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात गवाहों की उपस्थिति में चाकू को विधिवत जप्त किया गया।आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इसके विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में आर्म्स एक्ट के 4 मामलों सहित गाली-गलौज, धमकी, मारपीट एवं चोट पहुंचाने संबंधी कुल 7 अपराध पूर्व से पंजीबद्ध हैं।