Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान 2026 : 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में होंगे सेवा और जनकल्याण के विविध आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू होगा एक माह का अभियान, घर-घर प्रज्वलित होंगे दीप

धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान 2026 का शुभारंभ होगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक विभिन्न सेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। अभियान में शासकीय स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी द्वारा भी इसे विशेष रूप से राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा कार्यों के प्रति जनता और कार्यकर्ताओं द्वारा कृतज्ञता एवं धन्यवाद की भावना व्यक्त करना है। एक माह तक अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा, जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
धमतरी जिले में सेवा संकल्प अभियान 2026 के जिला संयोजक निरंजन सिन्हा जी को बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन एवं समन्वय में जिले के विभिन्न मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथ स्तर तक अभियान के कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा। अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और विभिन्न सामाजिक समूहों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने दिए व्यवस्थित आयोजन के निर्देश

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने संगठन के सभी स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ होने वाला यह अभियान सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बने।

17 सितंबर को होगा प्रथम कार्यक्रम—घर-घर जलेंगे दीप

अभियान के प्रथम कार्यक्रम के रूप में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर घर-घर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाज के लोगों द्वारा भी अपने-अपने स्तर पर दीप प्रज्वलन सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।

जिले में इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा अपने घरों के आंगन में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दीर्घायु जीवन एवं देश की निरंतर प्रगति की कामना की जाएगी। इसके साथ ही आगामी एक माह के दौरान सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को व्यापक रूप से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

सेवा संकल्प अभियान 2026 के माध्यम से सेवा को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए बूथ स्तर तक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!