Uncategorized

पितृपक्ष में भगवान श्रीराम का गुणगान पुण्यदायी, सनातन संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले आयोजनों से समाज में धर्म एवं संस्कार मजबूत होते हैं — मोनिका देवांगन

ग्राम बेंद्रा नवागांव में आयोजित दो दिवसीय अखंड रामधुनी झांकी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न रामधुनी मंडलियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक झांकियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती मोनिका देवांगन ने आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों को इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान भगवान श्रीराम का गुणगान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। अनेक स्थानों पर पितरों की आत्मा की शांति एवं उनकी स्मृति में धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से हमें सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
श्रीमती देवांगन ने कहा कि हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को केवल सुनना और पढ़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग का त्याग नहीं करना चाहिए। यही हमारी सनातन परंपरा और हमारे आराध्य देवों का संदेश है। उन्होंने कहा कि जब हम अपने जीवन में इन आदर्शों को अपनाएंगे, तभी एक संस्कारित, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे पाएंगे।
इस अवसर पर ग्राम की सरपंच श्रीमती प्रसून शुक्ला, आयोजन समिति के सम्मानित पदाधिकारी, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विभिन्न रामधुनी मंडलियों द्वारा भक्ति एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत झांकियों की प्रस्तुति दी गई।
श्रीमती मोनिका देवांगन ने आयोजकों, कलाकारों, रामधुनी मंडलियों एवं समस्त ग्रामवासियों को इस सुंदर एवं भक्तिमय आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!