बारिश के बाद बढ़ा बीमारियों का खतरा : घरो में घुसे कीड़े मकोड़ो और जहरीले जीव, सफाई बनी चुनौती
लगातार हुई बारिश से धमतरी जिला हुआ जलमग्न, शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रो में जल भराव ने उत्पन्न की अनेक समस्यायें

धमतरी। बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन का असर पूरे छत्तीसगढ़ में नजर आया। धमतरी जिला में भी जमकर वर्षा हुई। रिकार्ड बारिश से पूरा जिला जल मग्न हो गया। कई शहर व ग्रामीण इलाकों में जल भराव की स्थिति निर्मित हुई। नतीजन लोग परेशान हुए। अब 26 सितम्बर से वर्षा थम गई है, लेकिन समस्या से अभी पूरी तरह राहत नहीं मिली है। अभी भी कई स्थानंो पर जल भराव है। जहां से पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। जिसके साथ प्रभावित परिवारों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी का स्तर कम होने से घरो-दुकानों में कीचड़ गंदगी का आलम है। कीड़े मकोड़े व जहरीले जीव भी घर में प्रवेश कर चुके है। जिससे लोग दहशत में है।
जिले में लगातार हुई बारिश के कारण शहर और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई मोहल्लों में नालियां ओवरफ्लो हो गईं थी। जिससे गंदा पानी सड़कों से होकर घरों और दुकानों में घुस गया था। अब बारिश का पानी धीरे-धीरे उतर रहा है, लेकिन इसके साथ नई परेशानी सामने आ गई है। घरों में गंदगी, बदबू, कीड़े-मकोड़ों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे लोगों में संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।
जलभराव वाले इलाकों में पानी उतरने के बाद घरों के कमरों, आंगन, दुकानों और गोदामों में कीचड़ की मोटी परत जमा हो गई है। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढऩे की आशंका है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जो सामान भीग गया, उसके खराब होने के साथ अब बदबू और संक्रमण का खतरा भी पैदा हो गया है।
सांप-बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों के निकलने की आशंका
जलभराव के बाद सांप, बिच्छू, कनखजूरा और अन्य जहरीले जीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों में घुस सकते हैं। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को बिना देखे किसी कोने में हाथ नहीं डालने और रात के समय टॉर्च का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
सफाई और फॉगिंग की उठी मांग
शहरवासियों ने प्रभावित इलाकों में तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने, कीटनाशक और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने तथा फॉगिंग कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई नहीं हुई तो जलजनित और मच्छरजनित बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं। वहीं जल भराव वाले इलाको में लोगो में फोड़े फुंसी व खुजली की समस्या भी आ रही है।

