शराबियों द्वारा किया जाता है प्लास्टिक डिस्पोजल ग्लास में शराब सेवन, शराब दुकानों के आसपास लगा रहता है कचरे का ढेर
खोमचा संचालित होने के बाद भी खुले मे शराबखोरी नहीं हो रही बंद, खोमचा संचालको द्वारा भी स्वच्छता का नहीं रखा जाता ध्यान
जिले में है 27 देशी-विदेशी शराब दुकाने औसतन रोजना होती है 1 करोड़ के शराब की खपत

धमतरी। धमतरी जिला शराब खोरी में शुरु से आगे रहा है। यहां बड़ी संख्या में शराब के शौकीन है। जो रोजाना शराब का सेवन करते है। इनके लिए जिले में 27 देशी-विदेशी शराब दुकाने शासन द्वारा संचालित की जा रही है। जहां रोजाना लगभग औसतन 1 करोड़ की शराब की खपत हो जाती है। लेकिन इसके बाद भी शराब दुकानों में कई कमियां मिलती है। या कहे नियमों का पालन पूर्णत: नहीं हो पाता है।
धमतरी जिले में स्थित अधिकांश शराब दुकानों में शासन द्वारा खोमचो का संचालन कराया जा रहा है, ताकि शराबी खुलेआम कंही भी शराब न पीये। लेकिन खोमचो में स्वच्छता नहीं होती है और प्लास्टिक डिस्पोजल ग्लास में शराब पिलाई जाती है। और तो और शराब दुकानों के आसपास कई ठेलो गुमटियों में भी चखने के सामान डिस्पोजल सहित मिलते है और लोग शराब का सेवन कर आसपास ही डिस्पोजल ग्लास और अन्य कचरा फेंक देते है। जिससे गंदगी पसरी रहती है। कुछ दुकानों नेशनल व स्टेट हाईवे के किनारे भी होते है तो कुछ दुकाने नहर किनारे भी स्थित है। जहां लोग डिस्पोजल आदि को फेंक कर गंदगी फैलाते है। कुछ दुकानों के पास स्थित खेत व बाडिय़ों में भी डिस्पोजल का प्लास्टिक कचरा जो कि नष्ट नहीं होता फैलाते है। ऐसे में नियमों के पालन के साथ ही स्वच्छता के प्रति भी गंभीरता बरतने और कड़ी कार्रवाई की मांग लोगों द्वारा की जा रही है।
प्लास्टिक बॉटल में देशी शराब मिलने से बढ़ा प्लास्टिक वेस्ट
उल्लेखनीय है कि सालों तक छग में देशी शराब कांच की बॉटल में मिलती थी लेकिन इस सत्र से इसमें बड़ा बदलाव कर प्लास्टिक बॉटल में देशी शराब बेचा जा रहा है। एक ओर सरकार द्वारा प्लास्टिक का उपयोग करने व उसके दुष्प्रभाव के प्रति लोगो को जागरुक करने का प्रयास करती है वहीं दूसरी ओर प्लास्टिक बॉटल में शराब बेचकर इसके उपयोग को बढ़ावा भी दे रही है। जब से प्लास्टिक बॉटल में देशी शराब बेची जा रही है। प्लास्टिक वेस्ट की मात्रा बढ़ती जा रही है। जो भविष्य में पर्यावरण के लिए घातक साबित हो सकता है।