शारदीय नवरात्र की पंचमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मां विंध्यवासिनी, अंगारमोती, शीतला और मंदरमाई सहित सभी देवी मंदिर में होगी विशेष पूजा-अर्चना

धमतरी। शारदीय नवरात्र पर्व के पांचवें दिन पंचमी पर धमतरी शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। सुबह से ही शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी। मां दुर्गा की आराधना में लीन भक्तों ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं क्षेत्र की उन्नति की कामना की।
नवरात्र के चलते पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और आस्था का वातावरण नजर आ रहा है। शहर के प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर, गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर, शीतला मंदिर, बम्बलाई मंदिर, मंदर माई मंदिर, दुर्गा मंदिर और काली मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता को नारियल, चुनरी, फूल-माला एवं प्रसाद अर्पित किया। मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच माता के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली। पंचमी के अवसर पर शाम को भी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
दुर्गा पंडालों में महाआरती और 56 भोग की तैयारी
नवरात्र पर्व को लेकर शहर के विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा भी विशेष तैयारियां की गई हैं। अनेक दुर्गा पंडालों में पंचमी के अवसर पर शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कई पंडालों में माता को छप्पन भोग अर्पित करने की भी तैयारी है। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
पंचमी पर मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की होगी विशेष आराधना
नवरात्र के पांचवें दिन मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। भक्त सुबह से ही पूजा-पाठ में जुटे हुए हैं। वहीं, शाम को मंदिरों में विशेष अनुष्ठान और दुर्गा पंडालों में होने वाली महाआरती के चलते धार्मिक गतिविधियां और तेज होंगी। शारदीय नवरात्र के अवसर पर धमतरी में मंदिरों से लेकर दुर्गा पंडालों तक श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिल रहा है।
