Uncategorized

एक साल में 51 लाख राम नाम जमा करने का लक्ष्य लेकर खुला हनुमंत बैंक

शिव चौक के पंचमुखी हनुमत धाम मेें की गई अनोखी पहल, अयोध्या जाकर किया जाएगा राम नाम अर्पित

धमतरी। शिव चौक धमतरी के ब्रम्ह चबूतरा स्थित पंचमुखी हनुमंत धाम हनुमान मंदिर में बाल हनुमान समिति के बच्चों ने राम नाम जमा करने हनुमंत बैंक खोला है। हनुमान चालीसा का पाठ करते 23 अप्रैल को एक वर्ष होने के अवसर पर यह पहल की गई है। वर्ष 2025 के हनुमान जन्मोत्सव तक वर्ष भर में 51 लाख राम नाम जमा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर आने-जाने वाले लोगों को बूंदी का प्रसाद वितरण किया गया। लक्ष्य पूरा होने के बाद समिति के सदस्य अयोध्या के प्रभु श्रीराम के मंदिर में पहुंचकर 51 लाख राम नाम अर्पित करेंगे। हनुमंत बैंक में रुपये, पैसे या दान जमा नहीं होंगे। यहां केवल राम नाम जमा लिया जाएगा। बाल हनुमान समिति की सबसे कम आयु के सदस्य अन्वी मिश्रा ढाई वर्ष, अनन्या यादव तीन वर्ष एवं, चंचल यादव, अहान बख्तानी दोनों चार वर्ष ने फीता काटकर बैंक का शुभारंभ किया। छोटे बच्चों ने पेपर में अपनी क्षमता के अनुसार राम का नाम लिखकर जमा किया। बैंक सप्ताह में दो दिन मंगलवार एवं शनिवार को शाम छह से आठ बजे तक राम नाम जमा करने के लिए खुला रहेगा। ये दो दिन बाल हनुमान समिति के सदस्य पंचमुखी हनुमत धाम में एकत्रित होकर 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। समिति के संजू नागवानी एवं मयंक यादव ने बताया कि किसी भी आयु का कोई भी व्यक्ति 101 बार राम राम नाम सादे कागज पर लिखकर बैंक में अपना खाता खोलवा सकता है। समिति द्वारा राम नाम लिखने हेतु प्रारूप भी बनवाया गया है, जिसका वितरण 24 अप्रैल को आसपास के मोहल्लों में किया गया। खाता खोलवाने वाले का नाम, पता एवं मोबाईल नंबर लिखना अनिवार्य है। बैंक की खाता बही में नाम, पता एवं मोबाईल नंबर दर्ज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!