पूर्व मंत्री व सीनियर विधायक अजय चन्द्राकर से है जिलेवासियों को है विकास की उम्मीद
सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, धमतरी विधायक ओंकार साहू जनहित व विकास के मुद्दे पर है लगातार सक्रिय व मुखर

प्रदेश में भाजपा की सरकार इसलिए श्री चन्द्राकर जिले के विकास में निभा सकते है बड़ी भूमिका
धमतरी 18 जुलार्ई (हाईवे चैनल)। जिले के विधानसभाओं में मात्र एक विधानसभा में भाजपा का विधायक है। ऐसे में जिले के विकास में सत्ताधारी पार्टी के एकमात्र विधायक बड़ी व महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है। वहीं कांग्रेस के दो विधायक विकास के लिए सक्रिय है।
ज्ञात हो कि कुरुद विधानसभा में विधायक अजय चन्द्राकर 5 बार से कुरुद विधानसभा के विधायक चुने गए है। पूर्व में रमन सरकार के दो कार्यकाल में मंत्री भी रह चुके है। जिले व प्रदेश के वरिष्ठ विधायको में उनका नाम शुमार है। वर्तमान प्रदेश सरकार में भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। ऐसे में न सिर्फ कुरुद विधानसभा के विकास बल्कि सम्पूर्ण धमतरी जिले के विकास में श्री चन्द्राकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है। छुटपुट सड़क नाली आदि निर्माण कार्य तो होते रहते है लेकिन विकास के बड़े प्रोजेक्ट को स्वीकृति दिलाने में उनकी भूमिका अहम रहेगी। जिस प्रकार श्री चन्द्राकर ने कुरुद को विकास के मामले में तेजी से आगे बढ़ाया है उसी प्रकार धमतरी जिले में भी विकास को गति दे सकते है।

वहीं सिहावा विधायक अंबिका मरकाम दो बार विधायक निर्वाचित हो चुकी है। वर्तमान में वे काफी सक्रिय है। वे विधानसभा क्षेत्र के ऐसे दुरस्थ गांवों में पहुंच रही है जहां शासन-प्रशासन की पहुंच नहीं थी। नगर व ग्रामीण क्षेत्रो के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। जनहित के मुद्दो पर राज्य की साय व केन्द्र की मोदी सरकार को घेरने से भी पीछे नहीं हटती। विपक्ष मे रहते हुए भी सिहावा विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

इसी प्रकार धमतरी विधायक ओंकार साहू पहली बार निर्वाचित हुए है। उन्हें विधायकी का ज्यादा अनुभव नहीं है बाउजूद इसके क्षेत्र के विकास व जनहित के मुद्दो पर उनकी मुखरता कम नहीं रहती। समय-समय पर धमतरी विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतिक्षित मांगो को राज्य व केन्द्र सरकार के समक्ष रखते रहे है। मिलनसार युवा नेता के रुप में उनकी छवि बनी हुई है। विपक्ष में रहने के बाद भी धमतरी के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। लगातार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रो का दौरा कर जनता से रुबरु हो कर उनकी मांगो को पूरा करने जुटे रहते है। ऐसे में चर्चा है कि यदि जिले के तीनों विधायक दलगत राजनीति से उठकर यदि जिले के विकास के लिए एकजुट होकर प्रयास करें तो निश्चित ही धमतरी भी अन्य जिलों की तरह विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर हो सकता है।


