Uncategorized

केन्द्रीय बजट से सभी वर्गो को होगा लाभ -भाजपा

केन्द्र सरकार का बजट है झूठा और खोखला - कांग्रेस

भाजपा-कांग्रेस के नेताओं ने केन्द्रीय वित्त बजट पर दी प्रतिक्रिया

धमतरी। केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा में वर्ष 2025-26 का आम बजट पेश किया। इस बजट को आम आदमी के लिए भाजपाईयों ने लाभकारी बताया है। वहीं कांग्रेसियों ने इस बजट को हकीकत से दूर व झूठा बताया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल बरडिय़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष कविन्द्र जैन, भाजपा नेता राजेश शर्मा, दयाराम साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी राजेश गोलछा ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस वर्ष प्रस्तुत बजट से देश में बड़े वित्तीय बदलाव होंगे। संसद में नया इनकम टैक्स बिल आएगा। किसानों के लिए कृषि ऋण की सीमा को बढ़ाकर 3 लाख से 5 लाख किया जाएगा। अगले वित्त वर्ष में 10000 मेडिकल सीटें एवं 6500 आई आई टी सीटें बढ़ाई जाएंगी। जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाया जाएगा। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी। अस्थाई कर्मचारियों, होम डिलीवरी वालों को विशेष बीमा कवर मिलेगा। ए आई एजुकेशन के लिए 500 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक शासकीय जिला अस्पतालों में डे केयर एवं कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। खनिज और दवाएं सस्ती होंगी। मेडिकल उपकरण सस्ते होंगे। बैटरी वाहनों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। भारत को खिलौना उद्योग का हब बनाने की योजना है। मिडिल क्लास के लोगों को सरकार ने बड़ी राहत दी। अब 8 के बजाय 12 लााख रूपए की इनकम पर भी टैक्स में छूट दी गई है। जो एक बहुत बड़ी राहत है। महिलाओं, एसटी, एससी, पिछड़ा वर्ग को 2 करोड़ तक टर्न लोन मिलेगा। किसानों के लिए धन धान्य योजना को प्रोत्साहन दिया जाएगा। 50 नए पर्यटन केंद्र खोले जाने की घोषणा भी की गई। आंगनबाड़ी पोषण 2.0 में 8 करोड़ नए बच्चे लाभान्वित होंगे। 1 लाख करोड़ का अर्बन चैलेंज फंड बनेगा। बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफ डीआई को मंजूरी मिलने से प्रतियोगिता बढ़ेगी जिसका लाभ आम आदमी को मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों को टैक्स छूट की सीमा दोगुनी की गई। इस बार का बजट आर्थिक सुधारों की दिशा में ऐतिहासिक होगा।


पूर्व विधायक व पीसीसी उपाध्यक्ष गुरुमुख सिंह होरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद लोहना, प्रदेश कांग्रेस सं. महामंत्री पंकज महावर, पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशु चन्द्राकर, कांग्रेस नेता आंनद पवार, शहर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश गोलछा, एनएसयू्आई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि केन्द्रीय बजट किसानों के हित में नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि किसानों की ऋण माफी, एमएसपी, पीएम फसल बीमा योजना को कोई महत्व नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए निवेश को बढ़ाने की दिशा में स्पष्टता नहीं है। एक तरह से मीडियम वर्ग के लोगों को छलने के लायक बजट है। बजट में सिर्फ बिहार राज्य को फोकस किया गया है। क्योंकि वहां हाल में चुनाव होना है। केन्द्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए बजट देश का नहीं बल्कि बिहार प्रदेश का चुनावी बजट है। आगामी दिनों में बिहार में चुनाव होने वाला है। इसलिए मतदाताओं को रिझाने के लिए झूठे और खोखले आंकड़ों से जनता की आंखों पर परदा डाला गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों का पुराना घिसा-पिटा बजट है। किसानों के लिए एमएसपी बढ़ाने की बात नहीं हुई। जीएसटी का सरलीकरण कर एक ही जीएसटी कर प्रणाली की राहत व्यापारियों को नहीं दी गई। युवाओं के लिए रोजगार सृजन का विजन नहीं है। यह चंद बड़े उद्योगपतियों का बजट है। आम आदमी को बजट से विशेष कोई लाभ नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!