महिला सुरक्षा प्राथमिकता, शहर होंगे कैमरे से लैस, शहर बनाया जायेगा धूल मुक्त
पीसीसी उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने राजीव भवन में जारी किया कांग्रेस का जनघोषणा पत्र
कांग्रेस के प्रत्येक प्रत्याशियों का उद्देश्य शहर विकास है – होरा

धमतरी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जनघोषणा पत्र जारी किया गया है। जिसे कल नगरीय निकाय चुनाव के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष एवं धमतरी के पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा ने राजीव भवन में जारी किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शरद लोहाना, पूर्व महापौर विजय देवांगन, मोहन लालवानी, ब्लाक अध्यक्षद्वय आकाश गोलछा, योगेश शर्मा, नरेश जसूजा मौजूद रहे। घोषणा पत्र में उल्लेख है कि तालाबों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण के लिए विशेष पहल की जायेगी। घाटों एवं तालाबों में महिलाओं के लिए चेजिंग रूम बनाये जायेंगे। शहरी व्यापारिक क्षेत्रों में महिला प्रसाधन की व्यवस्था। महिला सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कंट्रोल रूम के साथ सामंजस्य कर सभी चौक-चौराहों व स्कूल-कालेज के समीप में सीसी कैमरा लगाने की व्यवस्था। सर्व-सुविधायुक्त आँटो रिक्शा/ई-रिक्शा के लिए पार्किंग व चार्जिंग की व्यवस्था। श्रद्धांजलि राशि योजना के बीपीएल कार्डधारियों को 2000 रू. से बढ़ाकर 5000 रूपये किया जाएगा। निगमों के अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। सम्पत्तिकर, समेकितकर एवं जल उपभोक्ता शुल्क का घर बैठे भुगतान की सुविधा दी जाएगी। आगामी 6 माह में जहा-जहां ऑनलाइन भवन अनुज्ञा की सुविधा नही है, वहां सुविधा दी जायेगी। मकान आबंटन प्रक्रिया को और सरलीकृत एवं पारदर्शी करते हुए सभी आवासहीनों को पात्रतानुसार मकान दिया जाएगा। प्रत्येक निकाय में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सर्व सुविधायुक्त नि:शुल्क लाईब्रेरी खोला जाएगा। यूजर चार्ज का युक्ति युक्तकरण किया जायेगा। शहर को धूल मुक्त बनाने आवश्यक कदम उठाये जायेंगे। पौनी-पसारी योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी एवं स्थान को सर्व सुविधायुक्त बनाया जाएगा। चलित ठेले व्यवसायियों को संरक्षण दिया जायेगा एवं वार्डों के प्रमुख स्थानों पर वेंडिग जोन चिन्हांकित कर व्यवसाय हेतु उचित स्थान दिया जाएगा। विकास कार्य में पारदर्शिता सामुहीक जिम्मेदारी एवं कसावट की दृष्टि से निकायों के अध्यक्षों के पूर्ववर्ती सरकार द्वारा दिये गये अधिकार वापस करते हुए प्रत्येक भुगतान में नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों के चेक हस्ताक्षर करने के अधिकार वापस दिलाने हेतु प्रयास किया जाएगा। नगरीय निकाय द्वारा दशगात्र, बेटी विवाह जैसे अन्य कार्यक्रमो में पानी टैंकर नि:शुल्क प्रदाय किया जायेगा. कन्या विवाह के लिए सभी निकाय क्षेत्रों में सामुदायिक भवन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जायेगा। प्रदेश के सभी निगमों में पत्रकारों के लिए हाईटेक रेस्टरूम, प्रत्येक वार्डों में सब्जी बाजार, आवारा पशुओं से मुक्ति के अलावा स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्रों को मुफ्त सेनेटरी नेपकिन देंगे। आत्मानंद एवं सरकारी स्कूल के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जायेगा। शासकीय भूमि पर काबिज भूमिहीनों को धारणा अधिकार दिया जायेगा। घोषणा पत्र जारी करने के दौरान श्री होरा ने कहा कि शहर विकास के लिए कांग्रेस को जीताए कांग्रेस के प्रत्येक प्रत्याशियों का उद्देश्य शहर विकास है। वार्डो में प्राथमिकता से विकास कार्य कराए जाएंगे।

