परशुराम जयंती महोत्सव पर शहर में निकली शोभायात्रा

धमतरी। भगवान परशुराम जयंती महोत्सव अंतर्गत ब्राम्हण समाज ने शहर के मुख्य मार्ग में अष्टधातु से निर्मित भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली। परशुराम जी को पालकी में संवारकर समाजजनों ने कंधे में लेकर जयकारे लगाए। पालकी को फूलों और रंगबिरंगी लाइट से सजाया गया था। पालकी के सामने महिलाएं समाज का झंडा लेकर चल रही थीं, युवा भजन गाते चल रहे थे। रास्ते में आतिशबाजी का दौर रहा। शोभायात्रा का मुख्य चौक-चौराहों में लोगों ने स्वागत किया। भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना आरती के बाद आशीर्वाद लिया व प्रसादी ग्रहण किया। शोभायात्रा के पूर्व घड़ी चौक में 10 फीट ऊंची भगवान परशुराम की प्रतिमा के सामने सर्वसमाज द्वारा महाआरती की गई। सर्वसमाज के वरिष्ठ व ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधियों ने विचार रखे, जिसमें परशुराम के जीवन प्रसंग को सुनाया। महाआरती के बाद शोभायात्रा बालक चौक गोल बाजार, मठमंदिर चौक, चमेली चौक, कचहरी चौक, सदरबाजार, गणेशचौक, रामबाग होते हुए मां विध्यवासिनी मंदिर पहुंची, जहां समाजजनों ने माता की पूजा-अर्चना आरती की। प्रसादी के बाद पालकी यात्रा का समापन किया गया।

