सुशासन तिहार के संबंध में कलेक्टर ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
जिले में मिले 2 लाख 27 हजार 931 आवेदन, आवेदनों का हो रहा तेजी से निराकरण

धमतरी। लोंगो की समस्याओं के निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार में धमतरी जिले में प्राप्त 2 लाख 27 हजार 931 आवेदन में से 2 लाख 22811 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है। इस तरह धमतरी जिले ने 98 प्रतिशत शिकायत और मांगों का निराकरण कर प्रदेश में 5 वां स्थान बनाया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कल कलेक्टोरेट के सभाहाल में आयोजित प्रेस वार्ता में सुशासन तिहार को लेकर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप राज्य में सुशासन 2025 का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम चरण 8 से 11 अप्रैल तक प्रत्येक पंचायत, ब्लाक, नगरीय निकाय कार्यालय में समाधान पेटी रखकर शिकायत एवं आवेदन लिया गया। लोगों ने आनलाइन, आफलाइन आवेदन किया, जिसका निराकरण किया जा रहा है। धमतरी जिले में 4601 आवेदन शिकायत, 2 लाख 23 हजार 330 आवेदन मांग संबंधित प्राप्त हुए है। इनमें से 4138 शिकायतों के आवेदनों का और 2 लाख 18 हजार 673 मांग संबंधित आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है। आवेदन के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा जिला और राज्य स्तर पर की जा रही है। तीसरे और अंतिम चरण की शुरूआत 5 मई से हो रही है, जो 30 मई तक चलेगा। इस दौरान जिले के 10 से 15 ग्राम पंचायतों को कलस्टर बनाकर एक समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। समाधान शिविरों में विकासखंड एवं अनुभाग स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिलास्तर से भी कुछ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह, निगम आयुक्त प्रिया गोयल, जनसंपर्क अधिकारी जितेश नागेश मौजूद थे।
शिविर स्थलों में मिलेगी लोक केन्द्रों की सुविधा
शिविरों में नए आवेदन भी लिए जाएंगे और जिन मामलों का समाधान वहीं संभव होगा, उनका मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। शिविर में 60 से 70 प्रकार के सुविधाओं से संबंधित कार्ड एवं पंजीयन किया जाएगा। तहसील के कर्मचारी, किसान किताब, ऋणपुस्तिका, बी 1 खसरा नकल भी देंगे। विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मातृ वंदन योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, श्रम कार्ड बनाने, आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर स्थल पर ही आवेदन भी लिए जाएंगे। हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिली राशि का भुगतान करने की सुविधा भी शिविर स्थल पर रहेगी। स्वाथ्य शिविर भी लगाया जाएगा। बैंक के अधिकारी अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, एनआरएलएम आदि के हितग्राहियों के प्रकरणों का निराकरण करेंगे। सभी शिविर स्थलों पर लोक सुविधा केन्द्रों की सुविधाएं भी मिलेंगी। आधार कार्ड बनाने से लेकर त्रुटि सुधार कराने के लिए भी लोगों का पंजीयन किया जाएगा। परिवहन विभाग द्वारा कैम्प लगाकर अस्थायी ड्रायविंग लायसेंस बनाए जाएंगे। हाईटेक नंबर प्लेट के लिए पंजीयन किया जाएगा।
तीसरे चरण में होगा सीएम व मंत्रियों का दौरा
सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी कुछ समाधान शिविरों में शामिल होंगे और आमजनता से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री विकास कार्यों और योजनाओं का औचक निरीक्षण भी करेंगे और योजनाओं के जमीनी लाभ के बारे में फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे और विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों से भेट भी करेंगे।
बारिश से हुए नुकसान का किया जाएगा सर्वे
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि पिछले सप्ताहभर से हो रही बारिश से किसानों का रबी फसल बर्बाद हो गयी है। इसके सर्वे के लिए राजस्व विभाग के अमले को भेजा जाएगा। पटवारी, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार और अन्य अधिकारी इस कार्य को देखेंगे। किसानों की फसलों का सर्वे कर रिपोर्ट देंगे। अगर किसी के मकान को क्षति पहुंची है तो भी रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने रजिस्ट्री के बाद तुरंत नामांतरण पर कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों के मुताबिक कार्य किए जाएंगे, अभी निर्देश नहीं आया है।
