Uncategorized

कलेक्टर की त्वरित कार्यवाही से दिव्यांग बिहारी लाल को मिली व्हीलचेयर

दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने अधिकारी स्वयं पहल करें-कलेक्टर रघुवंशी

 

धमतरी 28 जुलाई 2023/ कलेक्टर श्री ऋतुराज रघुवंशी जिले के दिव्यांगजनों की हरसंभव मदद करने हेतु लगातार प्रयासरत हैं। वे दिव्यांगजनों द्वारा दिए गए आवेदनों पर संवेदनशीलतापूर्वक विचार कर तत्काल कार्रवाई करते आ रहे हैं। जिले के आमजनों की समस्याओं, शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रत्येक सोमवार को जनदर्शन का आयोजन कलेक्टोरेट में किया जाता है। इसी कड़ी में बीते दिन कुरूद तहसील के भखारा निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग 61 वर्षीय श्री बिहारी लाल कुंभकार ने समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदाय की जाने वाली सहायक उपकरण योजना के तहत व्हील चेयर हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर श्री रघुवंशी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संबधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्री बिहारी लाल कुंभकार को तत्काल व्हील चेयर प्रदान करने सहित शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ दिलायें। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने कहा कि जिले के प्रत्येक दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाय जाये, इसके लिए अधिकारी स्वयं पहल करें। कलेक्टर श्री रघुवंशी के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा श्री बिहारीलाल को तत्काल व्हीलचेयर प्रदान किया गया  दिव्यांग श्री बिहारी लाल कुंभकार ने बताया कि उसने कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में व्हील चेयर प्रदान करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे तत्काल व्हील चेयर दिला दी, जिसके लिए उसने कलेक्टर को धन्यवाद दिया। श्री बिहारी लाल कुंभकार काफी खुश नजर आए। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें दूसरे पर निर्भर रहना पड़़ता था, लेकिन अब उसे किसी सहारे की जरूरत नहीं है। अब वे व्हील चेयर पर आराम से बैठ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जिले के हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांग पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, सुखद सहारा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री नवीन पेंशन योजना और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना इत्यादि शामिल है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!