Uncategorized

बिजली बिल हाफ़ योजना में कटौती, दर में वृद्धि, स्मार्ट मीटर के ज्यादा बिल से आम जनता है परेशान – आकाश गोलछा

शहर कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष ने कहा विष्णुदेव साय सरकार के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है प्रदेश की जनता


धमतरी। धमतरी जिले सहित प्रदेश की जनता इन दिनों मनमाने बिजली बिल से परेशान है गरीब व मध्यम वर्गीय परिवार का बजट बढ़े हुए बिजली बिल ने बिगाड़ दिया है। इस कुशासन का श्रेय प्रदेश की नाकाम विष्णुदेव साय सरकार को जाता है। जो हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उक्त बाते शहर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश गोलछा ने कही है।
श्री गोलछा ने आगे कहा कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं पर इन दिनों भारी-भरकम बिलों की मार पड़ रही है। घर-घर में जबरन लगाए जा रहे डिजिटल बिजली मीटरों से दोगुने-तिगुने तक बिल आने लगे हैं, जिससे खासकर गरीब और मजदूर वर्ग बेहाल है। महज सौ पाँच सौ रुपए तक का बिल पटाने वाले परिवार अब पाँच सौ से लेकर तीन हजार रुपए तक का भुगतान करने को मजबूर हैं। पूर्ववर्ती भाजपा की रमन सरकार ने बिजली विभाग को उद्योगपतियों के हाथों में सौंप कर आम उपभोक्ताओं के साथ अन्याय किया था। उसी की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मौजूदा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की भाजपा सरकार बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी कर गरीब मजदूर परिवारों को और अधिक परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिजिटल मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं को भाजपा सरकार द्वारा गुमराह किया गया और उद्योगपतियों को लाभ पहुँचा रही है। आकाश गोलछा ने आगे कहा कि भूपेश सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना के तहत 400 यूनिट तक आधी दर पर बिजली देकर आम जनता को राहत दी थी, लेकिन भाजपा की सरकार ने सत्ता में आते ही यह योजना बंद कर दी। अब 1 अगस्त 2025 से नई दरों के अनुसार 0-100 यूनिट पर 4.10 रुपए, 101-200, यूनिट पर 4.20 रुपए, 201-400 यूनिट पर 5.60 रुपए, 401-600 यूनिट पर 6.60 रुपए और 601 यूनिट से ऊपर 8.30 रुपए प्रति यूनिट वसूला जा रहा है। मनमाने बिजली बिल वसूली के साथ बिजली सप्लाई व्यवस्था भी बदहाल है। दिन में कई बार बिजली गुल हो रही है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। भाजपा सरकार सुशासन का दावा करती है लेकिन जनता इस दावे की पोल खोल रही है। प्रदेशवासी विष्णुदेव साय के कुशासन से त्रस्त हो चुके है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!