जर्जर सड़क व धूल की समस्या से त्रस्त हो चुके है सिहावा रोड के व्यापारी व निवासी
सड़को की दशा में नहीं हो पा रहा सुधार बढ़ी दुर्घटना की आशंका
धूल से सेहत पर पड़ रहा वितरित प्रभाव, चर्म रोग, दमा के बढ़ रहे मरीज

धमतरी। सिहावा रोड के निवासी, व्यापारी व राहगीर सालों से परेशान है। उक्त सड़क जर्जर होने के साथ ही हमेशा धूल से सराबोर रहती है। अब समस्या बारिश के बाद और भी ज्यादा गंभीर हो चुकी है।
ज्ञात हो कि धमतरी से नगरी, उड़ीसा जाने हेतु सिहावा रोड से होकर जाना पड़ता है। सिहावा चौक से लेकर कोलियारी चौक व उसके आगे तक भी सड़क की स्थिति दयनीय हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए है। सड़क पर कीचड़ फैला रहता है। हल्की बारिश में ही सड़क के गड्ढो में पानी भर जाने गड्ढो की गहराई का अंदाजा वाहन चालकों को नहीं हो पाता। जिससे उनका बैंलेस बिगड़ जाता है और यदि बारिश न हो तो सड़के धूल से सराबोर रहती है। ऐसे में उक्त मार्ग के व्यापारियों, निवासियों व राहगीरों को पूरे साल परेशान होना पड़ता है। आसपास के लोगों ने बताया रोजाना कई वाहन चालक इन मार्ग में गिरकर घायल होते है।
बता दे कि बीते कुछ सालो में शहर के सिहावा रोड पर व्यापार व लोगों का निवास काफी बढ़ा है। अनेक दुकान, गोदाम खुले है। कई कॉलोनियां विकसित हुई है। मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ा है, लेकिन सड़क सुविधाएं साल-दर साल बदहाल ही हुई है। चर्चा के दौरान व्यापारियो व निवासियों ने बताया कि बारिश के चौमासे में कीचड़ व धूल की समस्या विकराल रुप धारण कर लेती है। कई दुकानों के बाहर कीचड़ इतनी ज्यादा हो जाती है कि ग्राहक दुकान तक आने से परहेज करते है। सड़क की दुर्दशा के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं लगातार धूल के गुबार के सम्पर्क में रहने के कारण लोगों की सेहत भी बिगड़ रही है। लगातार धूल के सम्पर्क में रहने के कारण व्यापारी व निवासी बीमारियों से ग्रस्त होने लगे है। कई लोगो को चर्म रोग के साथ ही दमा की शिकायत आने लगी है। स्थिति ऐसी है कि दिन भर दुकानों मे मास्क पहनकर बैठना पड़ता है। घरों, दुकानों में पल-पल धूल की परत जमती रहती है। जिससे व्यापारी व निवासी परेशान हो चुके है। घर के बाहर कपड़े व खाद्य सामाग्री सुखा नहीं पाते। 24 घंटे खिड़की, दरवाजे बंद रखने पड़ते है। आंख में धूल व कचरा जाने की शिकायते भी लगातार बढ़ती जा रही है।
ड्रेन टू ड्रेन सड़क निर्माण है जरुरी
व्यापारियों द्वारा उक्त समस्याओ ंसे राहत दिलाने कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन इस ओर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। सिहावा रोड पर धूल, गड्ढे, कीचड़ की समस्या सालों से रही है। आखिरकार उक्त सड़क के निर्माण हेतु स्वीकृति मिली है। लेकिन आगे की प्रक्रिया धीमी है। उक्त क्षेत्र के व्यापारियों निवासियों ने मांग की है कि सिहावा रोड में ड्रेन टू ड्रेन सड़क निर्माण आवश्यक है ताकि धूल से भी राहत मिल पाये।
स्थानीय निवासियों में निगम के प्रति आक्रोश
जब उक्त समस्या पर स्थानीय निवासियों व व्यापारियों से चर्चा की गई तो उनमें निगम की कार्यप्रणाली के प्रति काफी आक्रोश नजर आया। स्थानीय लोगो ने कहा कि कभी भी निगम का रवैय्या सिहावा रोड की दशा सुधारने सकारात्मक नहीं रहा। नतीजन लोगों को समस्या से राहत नहीं मिल पा रही है। उल्टे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।


