Uncategorized

भाजपा के इशारे पर सरकारी कार्यक्रम को बना दिया राजनीतिक मंच – ऋषभ ठाकुर

नपं आमदी में आयोजित यूनिटी मार्च एवं आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम में कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभाव का लगाया आरोप


धमतरी। नगर पंचायत आमदी में आयोजित यूनिटी मार्च एवं आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं द्वारा जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों पर सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगाया है। नगर पंचायत आमदी के नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर, पार्षद चितेंद्र साहू, ललिता पटेल और पारसमणि साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा कि कार्यक्रम के पोस्टर और मंच से विधायक एवं कांग्रेस जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें जानबूझकर हटाई गईं, जो स्पष्ट रूप से द्वेषपूर्ण और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित कदम है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर और एसडीएम जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का भलीभांति ज्ञान होना चाहिए। आमदी जैसे संवेदनशील और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ग्राम में इस प्रकार की प्रशासनिक पक्षपातपूर्ण हरकत लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर ने कहा यह बेहद शर्मनाक है कि प्रशासन भाजपा की भाषा बोलने लगा है। जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों की उपेक्षा कर, सरकारी कार्यक्रमों को एक राजनीतिक दल के प्रचार मंच में बदल देना लोकतंत्र का खुला अपमान है। सभी पार्षदों ने संयुक्त रूप से मांग की है कि शासन इस पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करे, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी लोकतंत्र की मर्यादा को ठेस न पहुँचा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!