गरीब महिलाओं को मिलेगी धुएं से राहत : प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 25 लाख अतिरिक्त नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत
कंपनी अधिकारियों ने प्रेसवार्ता लेकर दी योजना के पात्रता सहित अन्य विषयों पर जानकारी

धमतरी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के संबंध में आज संबधित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रेसवार्ता लेकर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रेसवार्ता में विशेष रुप से एसआरएम एचपीएल मंगेश डोंगरे सीएएम आईओएल पाद बक्शी डीसीएएम आईओएल निर्मल महेश्वरी व मैनेजर आईओएल शांतानु राय द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 25 लाख अतिरिक्त नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किये गये है।
अधिकारियों ने बताया कि इस निर्णय से आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती रसोई ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और सशक्त होती है। प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को बगैर जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना है। योजना के तहत अब तक 10.33 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, जिससे देशभर में स्वच्छ ईंधन तक पहुंच में व्यापक सुधार हुआ है। यह योजना महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार, घरों में धुएँ से होने वाले प्रदूषण में कमी और घरेलू श्रम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान वितरक मोहन अग्रवाल, हेत्तल संघवी, रेखा मंडावी व श्री मनोज भी उपस्थित रहे।
आवेदन की पात्रता व आवश्यक दस्तावेज
अधिकारियों ने बताया कि गरीब परिवारों की महिलाएँ, जिनके परिवार में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन न हो। वे आवेदन के लिए पात्र है। आवेदक की पात्रता वंचना, घोषणा पत्र के आधार पर तय की जाएगी और जि़ला उज्ज्वला समिति द्वारा सत्यापित की जाएगी। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज़ के रुप में केवायसी फॉर्म (फोटो सहित) (आवेदन समस्त एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटरशिप पर उपलब्ध है), निवास प्रमाण, पीओए (यदि आधार का निवास स्थान वर्तमान पते से अलग हो), परिवार संरचना दस्तावेज़ (राशन कार्ड / राज्य शासन दारा जारी प्रमाण पत्र / दस्तावेज़), आवेदक तथा परिवार के सभी वयस्क सदस्यों का आधार, बैंक खाता का विवरण, वंचना घोषणा पत्र, प्रवासी परिवारों के लिए पीओए और परिवार संरचना दस्तावेज़ हेतु स्व-घोषणा पत्र स्वीकार किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ लेने हेतु नज़दीकी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर जाकर, ऑनलाइन, पीएनयूवाय डॉट जीओवी डॉट इन व नज़दीकी कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
लाभार्थियों को मिलेंगे यह लाभ
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को नि:शुल्क पैक प्राप्त होगा प्रतिभूति राशि (डिपॉजि़ट), रहित सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा होज, डोमेस्टिक गैस उपभोक्ता कार्ड, प्रशासनिक शुल्क माफ इसके साथ ही नि:शुल्क गैस चूल्हा और पहला रिफिल भी ओएमसीएस द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
जिले में अब तक 46 हजार कनेक्शनधारियों ने नहीं कराया ई केवायसी
प्रेसवार्ता के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में 14 गैस वितरक है। और लगभग 2 लाख 31 हजार एलपीजी कनेक्शनधारी है। जिनमें से लगभग 1 लाख 36 हजार उज्जवला कनेक्शनधारी है। 83 प्रतिशत उज्जवला कनेक्शनधारियों का व नान उज्जवला कनेक्शनधारियों का 74 प्रतिशत ई केवायसी हो चुका है। जिले के लगभग 46 हजार 400 कनेक्शनधारियों ने अभी तक ई केवायसी नहीं कराया है।
