Uncategorized

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह : मगरलोड में जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को धमतरी पुलिस ने किया निःशुल्क हेलमेट वितरण

एसपी धमतरी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तेज, गांव-गांव पहुंच रही यातायात पुलिस

◆ *“सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” का संदेश लेकर मगरलोड में यातायात पुलिस का जन जागरूकता अभियान*

पुलिस अधीक्षक, धमतरी के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक एवं निरंतर जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत वाहन चालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर, हेलमेट जागरूकता रैलियां तथा गांवों एवं स्कूल-कॉलेजों में यातायात नियमों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज थाना मगरलोड क्षेत्र में आयोजित यातायात हेलमेट जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों एवं मृत्यु को रोकना है।

कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी कुरूद द्वारा उपस्थित वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सदैव हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने एवं सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की समझाइश दी गई। उन्होंने बताया कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है।

धमतरी पुलिस यातायात द्वारा उपस्थित नागरिकों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि हेलमेट पहनना मात्र नियम पालन नहीं, बल्कि एक जीवन रक्षक सुरक्षा कवच है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान में बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है।

धमतरी पुलिस यातायात द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान तथा भविष्य में भी जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान, हेलमेट वितरण एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि जिले को दुर्घटनामुक्त, सुरक्षित एवं अनुशासित बनाया जा सके।

इस अवसर पर एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, यातायात शाखा एवं थाना मगरलोड का पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

धमतरी पुलिस द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके एवं आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!