Uncategorized

समर्थ पंचायत पोर्टल से सुशासन की नई इबारत, धमतरी ने दिखाई देश को राह

धमतरी जिले ने रचा इतिहास: समर्थ पंचायत पोर्टल से ऑनलाइन करारोपण की देशव्यापी शुरुआत

डिजिटल गवर्नेंस में धमतरी की नई पहल: ग्राम पंचायत स्तर पर UPI से संपत्ति कर भुगतान की शुरुआत

धमतरी 29 जनवरी 2026/- धमतरी जिले ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि नवाचार, इच्छाशक्ति और तकनीक के समन्वय से सुशासन को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा से समर्थ पंचायत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करारोपण एवं UPI आधारित संपत्ति कर भुगतान की देश में पहली शुरुआत कर धमतरी ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है।
इस ऐतिहासिक पहल के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से संपत्ति कर का सफल भुगतान किया गया। यह उपलब्धि न केवल पंचायतों में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर है, बल्कि इससे पारदर्शिता, सुविधा, समयबद्धता और जवाबदेही को भी नई मजबूती मिली है। अब नागरिक घर बैठे UPI जैसे सरल डिजिटल माध्यमों से संपत्ति कर का भुगतान कर सकेंगे, जिससे पंचायतों को राजस्व संग्रह में सुविधा होगी और बकाया कर की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री विवेक भारद्वाज ने इस नवाचार की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा— “अब मुंबई छत्तीसगढ़ से सीखेगा।” उनका यह वक्तव्य छत्तीसगढ़ द्वारा अपनाए गए तकनीकी नवाचारों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता और नेतृत्व को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक सिंह, संचालक पंचायत छत्तीसगढ़ श्रीमती प्रियंका महोबिया, कलेक्टर जिला धमतरी श्री अबिनाश मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अध्यक्ष जिला पंचायत श्री अरुण सार्वा, उपसंचालक पंचायत श्री नकुल वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत श्री रोहित बोरझा, सरपंच ग्राम पंचायत सांकरा श्री नागेंद्र बोरझा तथा सचिव श्री मदन सेन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी वर्चुअल उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक सिंह ने कहा कि यह पहल “डिजिटल इंडिया” और “आत्मनिर्भर पंचायत” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जिससे ग्राम पंचायतें तकनीकी रूप से सक्षम और आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिला सदैव नवाचारों को अपनाने में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा— “समर्थ पंचायत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करारोपण की यह पहल केवल तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने वाला कदम है। इससे कर प्रणाली सरल, पारदर्शी और नागरिक-हितैषी बनेगी। धमतरी ने यह साबित किया है कि यदि टीम भावना और स्पष्ट दृष्टि हो, तो ग्रामीण स्तर पर भी विश्वस्तरीय डिजिटल समाधान सफलतापूर्वक लागू किए जा सकते हैं।” उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि यह मॉडल शीघ्र ही जिले की सभी पंचायतों में लागू होगा और प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ग्राम पंचायत सांकरा की टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचारों में देश का अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। धमतरी सुशासन, तकनीक और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!