Uncategorized

जनप्रयास पोर्टल से विकास में नागरिकों की भागीदारी को मिलेगा नया आयाम

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा 2 अक्टूबर को करेंगे पोर्टल का शुभारंभ

हर नागरिक अपने जिले को बदल सकता है की भावना के साथ जनसहभागिता को मिलेगा डिजिटल मंच

धमतरी- जिले के विकास को जनभागीदारी से नई गति देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल के रूप में ‘जनप्रयास पोर्टल’ तैयार किया गया है। नागरिकों को जिले के विकास, जनहित और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े प्रयासों में सक्रिय सहभागी बनाने वाले इस डिजिटल मंच का शुभारंभ 2 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे मेनोनाइट इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा होंगे।

नागरिक सहभागिता को संस्थागत रूप देने की पहल

जनप्रयास पोर्टल का उद्देश्य शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ जिले के नागरिकों की रचनात्मक सहभागिता को जोड़ना है। पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपने सुझाव, विचार, स्थानीय पहल तथा जनहित से जुड़े प्रयासों को साझा कर सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, नागरिकों की क्षमताओं और प्रशासनिक प्रयासों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन की यह पहल विकास को केवल शासकीय योजनाओं और विभागीय गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों की सहभागिता से स्थानीय आवश्यकताओं की बेहतर पहचान, उपयोगी सुझावों का संकलन तथा सामुदायिक स्तर पर किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों को प्रोत्साहन मिल सकेगा।

‘हर नागरिक अपने जिले को बदल सकता है’

जनप्रयास पोर्टल के शुभारंभ कार्यक्रम की थीम हर नागरिक अपने जिले को बदल सकता है रखी गई है। यह थीम नागरिकों में अपने जिले के प्रति उत्तरदायित्व और स्वामित्व की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश देती है। जिला प्रशासन का मानना है कि सतत और समावेशी विकास के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है।

सुझाव से सहभागिता तक बनेगा डिजिटल सेतु

पोर्टल नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को और अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ सुझाव से समाधान और सहभागिता से विकास की दिशा में डिजिटल सेतु के रूप में कार्य करेगा। स्थानीय स्तर पर नागरिकों द्वारा किए जा रहे नवाचार, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य तथा सामुदायिक प्रयास भी इस मंच के माध्यम से व्यापक स्तर पर सामने आ सकेंगे।

शुभारंभ कार्यक्रम में नागरिकों को जनप्रयास पोर्टल की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और इससे जुड़ने के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने और जनप्रयास पोर्टल के माध्यम से धमतरी के विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!