Uncategorized

कलेक्टर मिश्रा ने गांवों में विकास कार्यों का लिया जायजा, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनने किया प्रेरित

स्किल सेंटर, स्कूल, सड़क, खेल मैदान और अर्जुनी तालाब का किया निरीक्षण;

धमतरी -कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मधुरिमा गुरुकुल स्किल सेंटर, कोलियरी उच्च प्राथमिक शाला, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शंकरदा तथा अर्जुनी तालाब पहुंचकर संचालित गतिविधियों और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सबसे पहले मधुरिमा गुरुकुल स्किल सेंटर का अवलोकन किया। यहां उन्होंने ब्यूटीशियन और इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए युवाओं को पूरी लगन और रुचि के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने बताया कि पूर्व के बैच में प्रशिक्षण लेने वाले अधिकांश युवाओं का प्लेसमेंट हुआ है, जबकि शेष युवाओं ने प्रशिक्षण के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त कौशल को पूरी गंभीरता से सीखें और इसका उपयोग अपने बेहतर भविष्य के निर्माण में करें। उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने आसपास के लोगों, परिचितों और रिश्तेदारों को भी स्किल सेंटर में संचालित प्रशिक्षण की जानकारी दें तथा उन्हें प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करें।
इसके बाद कलेक्टर ने कोलियरी उच्च प्राथमिक शाला में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, लागत तथा कार्य पूर्ण होने की समयसीमा के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शंकरदाह का भी अवलोकन किया। शिक्षकों ने बताया कि बारिश के दौरान विद्यालय के खेल मैदान में पानी भर जाने तथा मैदान में झाड़ियां और लंबी घास उग आने से विद्यार्थियों को खेल अभ्यास में परेशानी होती है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को खेल मैदान की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि विद्यालय में आसपास के तीन गांवों से छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। ग्रामीणों ने खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी से अवगत कराया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सड़क की स्थिति को देखते हुए आवश्यक स्वीकृति के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने अर्जुनी तालाब में वन विभाग द्वारा किए गए वृक्षारोपण तथा चौपाटी के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब के किनारे लगभग 1200 पौधे लगाए गए हैं। साथ ही चौपाटी विकास के लिए अतिरिक्त स्थान भी छोड़ा गया है। कलेक्टर ने तालाब क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने तथा संबंधित योजना में इसे शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!