Uncategorized

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कुकरेल, केरेगांव और सरईटोला में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

समग्र ग्राम विकास हेतु आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

क्षेत्र का भौगोलिक एवं सामाजिक महत्व तेजी से बढ़ रहा

धमतरी- जिले के विकासखंड नगरी अंतर्गत ग्राम कुकरेल, केरेगांव एवं सरईटोला का दौरा कर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को पंचायत पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का भौगोलिक एवं सामाजिक महत्व तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में आगामी वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुविचारित एवं चरणबद्ध विकास योजना तैयार की जाए, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बैंकिंग, संचार एवं रोजगार से जुड़ी सभी बुनियादी सुविधाएं शामिल हों।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर समय-सीमा में शासन को प्रेषित किया जाए, ताकि स्वीकृति प्राप्त कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

कुकरेल में कॉलेज, बैंक शाखा एवं व्यावसायिक परिसर की मांग

ग्राम कुकरेल में आयोजित बैठक में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने महाविद्यालय स्थापना की मांग रखते हुए बताया कि उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को धमतरी तक आवागमन करना पड़ता है, जिससे समय, सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानों के वन भूमि पर निर्मित होने से व्यापारियों को प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही क्षेत्र में बैंक शाखा के अभाव में लोगों को दूरस्थ स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग पर सुव्यवस्थित व्यावसायिक परिसर विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए तथा वन भूमि से संबंधित प्रक्रियाओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने को भी कहा।
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और कौशल उन्नयन प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।

केरेगांव में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नेटवर्क सुविधा पर विशेष जोर

ग्राम केरेगांव में आयोजित बैठक में महाविद्यालय स्थापना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ करने, बैंक शाखा खोलने तथा मोबाइल नेटवर्क समस्या के समाधान की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही कठिनाइयों से भी अवगत कराया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आश्वस्त किया कि छह माह के भीतर नेटवर्क समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा बैंक शाखा प्रारंभ करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्र को समिति से जोड़ा जा रहा है, जिससे खाद-बीज एवं ऋण सुविधा सुलभ होगी।

उन्होंने कहा कि भारतमाला सड़क परियोजना के पूर्ण होने से केरेगांव क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा और मुख्य मार्ग के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल समस्या के समाधान हेतु अप्रैल माह से पूर्व जल जीवन मिशन के अंतर्गत नियमित जल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नाथूकोना को प्रदेश का प्रथम सोलर ग्राम विकसित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय होगा। सड़क, राशन दुकान एवं पर्यटन विकास से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। छात्र-छात्राओं की सुविधा हेतु हॉस्टल एवं स्कूल भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सरईटोला में कुसुम वृक्ष के नीचे जनसंवाद

ग्राम सरईटोला में कलेक्टर श्री मिश्रा ने कुसुम वृक्ष के नीचे बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति, सड़क की स्थिति एवं सामुदायिक भवन की मरम्मत संबंधी जानकारी ली। आवश्यक मरम्मत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

स्कूल भवन की मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि गढ़िया महोत्सव को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जाएगी।

उन्होंने ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी, राशन दुकान एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश

चरणबद्ध कार्यवाही का भरोसा

बैठकों के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही विकास को गति मिलती है। सभी मांगों एवं प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम नगरी मनोज मरकाम, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री राठौर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी रोहित बोरझा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!