Uncategorized

जनहित के मुद्दों को लेकर बाइक रैली निकाल पहुंचे कलेक्टोरेट, प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढिय़ा युवा क्रांति सेना ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने की अगुवाई ने उठाया जनहित के मुद्दों को


धमतरी। छत्तीसगढिय़ा युवा क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की अगुवाई में गुरुवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शहर के घड़ी चौक में एकत्रित हुए जहां से बाइक रैली निकाली गई। यह रैली घड़ी चौक मठमंदिर चौक, कचहरी चौक, गणेश चौक, विंध्यवासिनी मंदिर, लक्ष्मी निवास चौक होते हुए जनपद कार्यालय के पास पहुंची। यहां से सभी कार्यकर्ता शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कार्यालय के लिये रवाना हुए। लेकिन पुलिस बल द्वारा पहले ही रास्ते में बेरिकेट लगाकर उन्हें रोक दिया गया। जिसके बाद कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया गया। मौके पर नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर उपस्थित थे, लेकिन कार्यकर्ता उन्हें ज्ञापन सौंपने के बजाय उच्चाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की जिद पर अड़े हुए थे। कुछ देर बाद एसडीएम पीयूष तिवारी के पहुंचने व कार्रवाई के लिये आश्वस्त किये जाने के बाद उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि धमतरी जिले में बहुत सारे सड़कों की स्थिति बदहाल है जिसके कारण आये दिन हादसे हो रहे है। धमतरी में अवैध तरीके से नशे का व्यापार बढ़ गया है। धमतरी में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है और हास्पिटल में सेप्टिक व विस्तारों का बुरा हाल है। जिले में बड़े पैमाने पर पीडीएस चावल की खरीदी हो रही है जिसमें कई अधिकारियों के मिली भगत की सूचनाएं मिल रही है। रेत व अन्य खनिज सम्पदा का अवैध उत्खनन व परिवहन चरम सीमा पर है। जिले में कई राइस मिल व कोयला भ_ा मुख्यमार्ग में संचालित है जिसके कारण प्रदूषण एवं दुर्घटनाएं हो रही है। भू-माफियाओं द्वारा जिले में अवैध प्लाटिंग धड़ल्ले से किया जा रहा है। धमतरी के आसपास के ढाबों में खुलेआम शराब परोसा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त आमदी से धमतरी सड़क को दुरुस्त किया जाये, सरकारी अस्पताल में मरीजों को सही इलाज और उचित व्यवस्था प्रदान किया जाये। धमतरी से नगरी मार्ग को दुरुस्त किया जाये। अछोटा से तेंदूकोन्हा मार्ग को दुरुस्त किया जाये, सोरम भटगांव गंगरेल बोरिद बेलतरा मार्ग को दुरुस्त किया जाये। आईटीआई कॉलेज स्कूल, मौली माता मंदिर और खेल मैदान के पास संचालित सोरम स्थित शराब दुकान को अन्यत्र हटाया जाये। धमतरी में इंजीनियरिंग कॉलेज व मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाये। धमतरी जिलांतर्गत आने वाले सभी मुख्य स्वास्थ्य केन्द्र में एम्बुलेंस सुविधा प्रदान किया जाये। धमतरी के मुख्य सड़कों पर मवेशियों के बैठने के कारण दुर्घटनाएं हो रही है जिसे रोकने के लिये उचित व्यवस्था किया जाये, हर पंचायत भवन में लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!