महापौर ने सोरिद वार्ड में 11.64 लाख रुपये लागत के नाली निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के साथ विकास हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं-रामू रोहरा

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी अंतर्गत सोरिद वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए 11.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। यह निर्माण कार्य रामकुमार सिन्हा के घर से आंगनबाड़ी तक कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी एवं वार्डवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम मुख्य अतिथि महापौर जगदीश रामू रोहरा के आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकनिर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नाली निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बरसात के दिनों में जलभराव, कीचड़ एवं गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने कहा कि वार्डवासियों की मांग एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वार्डों में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है। जनता की समस्याओं का समाधान करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ विकास कार्य कराए जा रहे हैं।विशिष्ट अतिथि विजय मोटवानी ने कहा कि शहर के विकास में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ होने से लोगों का जीवन स्तर बेहतर होता है और क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो पाता है।भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर,पार्षद हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी,आशा नंदू लोधी, पूर्व पार्षद रामखिलावन कंवर उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों एवं वार्डवासियों ने क्षेत्र में विकास कार्य प्रारंभ होने पर खुशी व्यक्त की तथा नगर निगम के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण रहा।

