Uncategorized

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-4: धमतरी की दो सड़कों का भूमि पूजन, ग्रामीण संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत ये सड़कें ग्रामीण अंचलों के लिए विकास की नई राह खोलेंगी-अरुण सार्वा

धमतरी-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत फेस-04 की 774 सड़कों का भूमि पूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2426.875 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर लगभग 2225.44 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
इस महत्त्वाकांक्षी योजना में धमतरी जिले की 2 सड़कें भी शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 11.45 किलोमीटर है तथा इनके निर्माण हेतु 752.27 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इन सड़कों के निर्माण से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक श्रीमती गोमती साय एवं श्रीमती रायमुनी भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मोर गांव मोर पानी मोर तरिया महाअभियान का भी शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण एवं ग्रामीण संसाधनों के सुदृढ़ प्रबंधन को बढ़ावा देना है।धमतरी कलेक्ट्रेट में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा, जनपद पंचायत अध्यक्ष धमतरी श्रीमती अंगीरा ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि, पंच-सरपंच, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाई श्री योगेश आनंद सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत स्वीकृत दोनों सड़कों का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत ये सड़कें ग्रामीण अंचलों के लिए विकास की नई राह खोलेंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाजार तक पहुंच आसान होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाएं ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रही हैं और धमतरी जिला भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।उन्होंने अधिकारियों को कहा कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!