सुंदरगंज वार्ड में विकास को मिली नई दिशा, मॉडल आंगनबाड़ी के रूप में होगा विकसित
महापौर रामू रोहरा ने किया आंगनवाड़ी व सामुदायिक भवन का लोकार्पण,

अतिरिक्त कक्ष हेतु 10 लाख की घोषणा
धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सुंदरगंज वार्ड के तेलीपारा में नव-निर्मित आंगनवाड़ी भवन एवं बस स्टैंड के पीछे स्थित बालाजी कॉलोनी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्री रामू रोहरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पीडब्ल्यूडी विभाग के अध्यक्ष श्री विजय मोटवानी, एमआईसी सदस्य एवं वार्ड पार्षद नरेंद्र रोहरा, एमआईसी सदस्य विभा चंद्राकर, पार्षद मेघराज ठाकुर, संतोष सोनकर एवं आशा लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
लोकार्पण के दौरान महापौर श्री रोहरा ने घोषणा की कि सामुदायिक को भविष्य में विकसित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक सुविधाएं चरणबद्ध रूप से जोड़ी जाएंगी। साथ ही उन्होंने भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 10 लाख रुपए की घोषणा भी की।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी भवन के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में पोषण और प्रारंभिक शिक्षा मिलेगी, वहीं सामुदायिक भवन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त केंद्र बनेगा।
सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य वार्डों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री विजय मोटवानी ने नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निर्माण कार्य समाज को जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का विस्तार करते हैं।
एमआईसी सदस्य एवं वार्ड पार्षद नरेंद्र रोहरा ने कहा कि सुंदरगंज वार्ड में किए जा रहे विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह निरंतर विकास कार्य जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की और क्षेत्र के विकास पर संतोष व्यक्त किया। लोकार्पण के पश्चात सभी अतिथियों ने दोनों भवनों का अवलोकन भी किया।
