केरल में कांग्रेस की बंपर जीत पर विधायक ओंकार साहू ने जताई खुशी, कहा- यह जनता के विश्वास की जीत

धमतरी। केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट की ऐतिहासिक जीत पर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे जनता के विश्वास की जीत बताया है। केरल में कांग्रेस गठबंधन ने बड़ी बढ़त हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की है और 10 साल बाद वाम मोर्चा सरकार को बाहर का रास्ता दिखाया है। विधायक ने कहा कि केरल की जनता ने जनविरोधी नीतियों को नकारते हुए कांग्रेस पार्टी की जनहितकारी सोच और विकास के विज़न पर भरोसा जताया है। यह जीत सिर्फ एक राज्य की नहीं, बल्कि पूरे देश में कांग्रेस के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। जब सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरती तो जनता परिवर्तन का रास्ता चुनती है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आम जनता, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के हित में काम किया है, जिसका परिणाम आज स्पष्ट रूप से सामने है। यह सफलता संगठन की एकजुटता, मेहनत और जनसमर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार प्रदेश में विकास, सामाजिक न्याय और पारदर्शिता के नए आयाम स्थापित करेगी।
