Uncategorized

शिविर में समस्याओं के निराकरण पर रहेगा खास फोकस- आयुक्त प्रिया गोयल

धमतरी। सुशासन तिहार के तहत नागदेव मंदिर के पास कला मंच में लगाए गए जन समस्या निवारण शिविर का नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने दौरा किया। उन्होंने हटकेशर वार्ड, लाल बगीचा वार्ड, शीतला पारा वार्ड एवं सुभाष नगर वार्ड से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और विभागवार लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया। आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि सुशासन तिहार का मकसद जनता को उनके दरवाजे पर शासन की सुविधा देना है। कोई भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित न रहे और हर शिकायत का समय-सीमा में त्वरित निराकरण हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि आम नागरिक को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए एक छत के नीचे सभी विभागों को लाया गया है।
आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करें। लंबित प्रकरणों की समीक्षा रोज करें और नागरिकों को पावती जरूर दें। उन्होंने कहा कि जल, विद्युत, राशन, पेंशन, राजस्व और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर में नागरिकों ने नल कनेक्शन, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, राशन कार्ड और पीएम आवास से जुड़ी समस्याएं रखीं। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। आयुक्त ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष काउंटर लगाने और फॉर्म भरने में मदद के निर्देश दिए।आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों को कवर करने के लिए चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जा रहे हैं। इससे हर नागरिक तक सुशासन का लाभ पहुंचेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शिविर में आकर अपनी समस्या दर्ज कराएं और योजनाओं का लाभ लें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!