Uncategorized

6 दिवसीय संस्कार समर कैंप के द्वितीय दिवस में बच्चों को दिए गए संस्कार और स्व-प्रबंधन के संदेश

धमतरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा बच्चों के लिए आयोजित 6 दिवसीय “संस्कार समर कैंप 2026” का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस वर्ष कैंप की थीम “राजयोगा किड्स कार्निवल – संस्कारवान बच्चे, सशक्त भविष्य” रखी गई है। कैंप के द्वितीय दिवस में बच्चों के लिए विभिन्न प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से आयुक्त मैडम श्रीमती प्रिया गोयल जी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि हमें पानी का सदुपयोग करना चाहिए तथा दैनिक जीवन में अनावश्यक रूप से पानी व्यर्थ नहीं बहाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को समझाया कि वर्षा के पानी को संग्रहित कर उसका उपयोग गाड़ी अथवा साइकिल धोने जैसे कार्यों में किया जा सकता है। साथ ही प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं कचरे को सड़कों पर न फेंककर सीधे डस्टबिन में डालने की प्रेरणा दी।

आयुक्त मैडम ने बच्चों को एक सुंदर संस्कारमय कार्य भी दिया। उन्होंने कहा कि जो सफाई वाली दीदी प्रतिदिन हमारे घर या आसपास कचरा लेने आती हैं, हमें उनका सम्मान करते हुए उन्हें एक फूल देकर “थैंक यू” कहना चाहिए। इससे बच्चों में सेवा भावना, सम्मान एवं कृतज्ञता के संस्कार विकसित होंगे।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी प्राजक्ता दीदी जी ने बच्चों को वैल्यूज़ क्लास कराते हुए “सेल्फ मैनेजमेंट – मैं अपना बॉस” विषय पर महत्वपूर्ण बातें समझाईं। उन्होंने बताया कि हमें स्वयं को नियंत्रित करना सीखना चाहिए और दूसरों के प्रभाव या नियंत्रण में नहीं आना चाहिए। यदि हम दूसरों के कंट्रोल में आ जाते हैं तो हमारा “रिमोट कंट्रोल” उनके हाथ में चला जाता है। दीदी जी ने बच्चों को राजयोग मेडिटेशन करने की सरल विधि एवं उसका प्रैक्टिकल अभ्यास भी कराया।

कार्यक्रम में बच्चों को उमंग एवं उत्साह के साथ जुम्बा एक्सरसाइज कराई गई तथा मेमोरी पावर गेम्स के माध्यम से उनकी मानसिक क्षमता एवं एकाग्रता बढ़ाने के रोचक अभ्यास भी कराए गए। पूरे कार्यक्रम में बच्चों ने आनंदपूर्वक सहभागिता करते हुए संस्कार, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के संदेश ग्रहण किए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!