Uncategorized

धमतरी को मिली विकास की नई रफ्तार : दो फोरलेन सड़कों एवं शहर के नए डिवाइडर निर्माण कार्य का शुभारंभ

महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा द्वारा विधिवत किया गया निर्माण कार्यो का भूमिपूजन

आधुनिक, व्यवस्थित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित होगा धमतरी शहर

धमतरी। जिले में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शहर की दो प्रमुख फोरलेन सड़क परियोजनाओं तथा नए डिवाइडर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। रत्नाबांधा चौक से मुजगहन, सिहावा चौक से कोलियारी तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क तथा शहर के मध्य निर्मित किए जाने वाले डिवाइडर कार्य का शुभारंभ महापौर नगर निगम रामू रोहरा ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम पीयूष तिवारी, नभ सिंह, एसडीओ मुरलीधर पैकरा लोक निर्माण, पार्षदगण मेघराज ठाकुर, अज्जु देशलहरे, अखिलेश सोनकर, विभा चन्द्राकर, हेमंत बंजारे, तल्लीनपुरी गोस्वामी, पिंटु यादव, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, अनिता अग्रवाल, भाजपा नेता महेन्द्र खण्डेलवाल, राजेश साहू, शिवा प्रधान, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक 44 करोड़, सिहावा चौक से कोलियारी तक 59 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबाई की फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिसकी लागत 44 करोड़ रुपये है। परियोजना के अंतर्गत आवश्यक वृक्षों की कटिंग एवं अन्य प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुके हैं तथा निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इसी प्रकार सिहावा चौक से कोलियारी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबाई की सड़क को भी फोरलेन स्वरूप में विकसित किया जाएगा। जिसकी लागत 59 करोड़ रुपये है। दोनो सड़को के बीच डेढ़ मीटर चौड़ा डिवायडर बनाया जाएगा। दोनों परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक पाथ-वे, सुव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था, सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुविधाएं, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य शामिल किए गए हैं। भविष्य में पेयजल पाइपलाइन एवं अन्य शहरी सेवाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में अग्रिम प्रावधान किए जा रहे हैं, जिससे बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा नागरिकों को दीर्घकालिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
फोरलेन सड़कें केवल यातायात को सुगम बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यापार, निवेश, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेंगी – रामू रोहरा
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम एवं जिला प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़कें केवल यातायात को सुगम बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यापार, निवेश, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेंगी। सड़कों के दोनों ओर हरित पट्टियां, आकर्षक पाथ-वे एवं सौंदर्यीकरण कार्य शहर की सुंदरता को नई पहचान देंगे।
भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य सुनियोजित ढंग से किए जा रहे हैं -कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी शहर तेजी से विकसित हो रहा है और आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य सुनियोजित ढंग से किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यातायात दबाव में कमी आएगी, आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा तथा शहर को आधुनिक स्वरूप प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विस्तार, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को समान प्राथमिकता दी जा रही है।
रेलवे परियोजना का भी निरीक्षण

कार्यक्रम के पश्चात महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर बड़ी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत बिछाई गई रेल पटरी एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है तथा आगामी 15 अगस्त तक बड़ी रेल लाइन पर यात्री सेवाएं प्रारंभ करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान महापौर ने आसपास के लोगो को आवागमन में बारिश के मौसम में परेशानी न हो इसलिए सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने कहा।
विकसित धमतरी की दिशा में मजबूत कदम
उल्लेखनीय है कि जिले में सड़क एवं परिवहन अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। फोरलेन सड़क निर्माण, रेलवे विस्तार, शहरी सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था, हरित विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार से धमतरी आने वाले समय में प्रदेश के प्रमुख विकसित एवं आधुनिक नगरों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। यह विकास कार्य न केवल शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगे, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!