Uncategorized

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सोरिद के लिमाही तालाब में हुआ वृक्षारोपण

धमतरी- भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित धमतरी के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत सोरिद स्थित लिमाही तालाब परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर निगम की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री श्याम मंडावी, जिला महामंत्री रामखिलावन कंवर, जिला अध्यक्ष मोहन पुजारी, पूर्व पार्षद दीपक गजेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने तथा हरित आवरण बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर उपस्थित वार्डवासियों ने अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ, हरित धमतरी के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!