Uncategorized

पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त से धमतरी जिले के 95 हजार से अधिक किसानों को मिला आर्थिक संबल

किसान सम्मेलन एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला में किसानों ने देखा प्रधानमंत्री का सीधा प्रसारण

धमतरी, 20 जून 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत जारी 23वीं किस्त से धमतरी जिले के 95 हजार 641 किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसानों के खातों में कुल 19 करोड़ 13 लाख रुपये की सम्मान निधि सीधे अंतरित की गई। यह राशि किसानों की कृषि गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत नया मंडी प्रांगण कुरूद में किसान सम्मेलन एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों ने देखा, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित की।
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही देश की समृद्धि का आधार है और केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।

श्री निषाद ने प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए किसानों से रसायन मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल खेती पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति और मानव स्वास्थ्य का संरक्षण भी संभव है। उन्होंने किसानों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा कृषि में नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण, ग्रामीण विकास और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव गांव-गांव तक दिखाई दे रहा है। श्री निषाद ने सम्मानित प्रगतिशील किसानों को बधाई देते हुए कहा कि उनके नवाचार और सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का श्रवण करते हुए कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। किसानों ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता राशि खेती-किसानी की आवश्यकताओं की पूर्ति में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक प्रभावी आर्थिक सुरक्षा कवच के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि समय पर प्राप्त होने वाली यह सहायता किसानों को बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था करने में मदद करती है, जिससे कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो रही है और किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
किसान सम्मेलन के साथ आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती, गौ-आधारित कृषि पद्धति, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों को रासायनिक लागत कम कर टिकाऊ एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जानकारी स्टॉलों के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं मार्गदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों का सम्मान भी किया गया। पॉलीहाउस में फूलों की खेती कर सफल उद्यमिता का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले किसान हर्षवर्धन चंद्राकर, ऑर्किड उत्पादन के लिए विशेष पहचान बनाने वाले ग्राम कुकुहा के किसान पुष्पक साहू तथा गौ-आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने वाले किसान रमन साहू को प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कुरूद की अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी साहू, जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष श्री बिरेंद्र साहू, नगर पालिका परिषद कुरूद की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चंद्राकर, नगर पंचायत भखारा की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। तहसीलदार श्री सूरज बंछोर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जितेंद्र सोनकर, मंडी सचिव श्री राजकुमार रात्रे तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि किसानों की आय वृद्धि, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना इसी दिशा में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!