मोबाइल मेडिकल यूनिट का आयुक्त अरुण वर्मा ने किया निरीक्षण, नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने दिए निर्देश
मरीजों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयों के वितरण की ली जानकारी

धमतरी- मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के बनियापारा वार्ड में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट का नगर पालिक निगम धमतरी के आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
आयुक्त श्री वर्मा ने मोबाइल मेडिकल यूनिट में मरीजों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयों के वितरण की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था एवं क्षेत्र में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचे। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशीलता एवं बेहतर व्यवहार के साथ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने वार्डवासियों से भी अपील की कि वे नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और अपने क्षेत्र में पहुंचने वाली मोबाइल मेडिकल यूनिट की स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।इस अवसर पर शशांक मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी एवं अमितेश बघेल, एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर सहित संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।