भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर प्रकृति और मानव जीवन के संरक्षण का दिया संदेश – नीलू शर्मा
दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज पर्व पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष ने दी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं

धमतरी। दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने समस्त क्षेत्रवासियों, जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में नीलू शर्मा ने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का महापर्व है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, असत्य से सत्य की ओर तथा निराशा से आशा की ओर बढऩे की प्रेरणा देता है। दीपावली का पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और कृषि संस्कृति के प्रति हमारी श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर प्रकृति और मानव जीवन के संरक्षण का संदेश दिया गया था। इस अवसर पर हमें गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेना चाहिए। वहीं भाईदूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह के रिश्ते को मजबूत करने का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में इन पर्वों का विशेष महत्व है, जो परिवार और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता की भावना को बढ़ावा देते हैं। नीलू शर्मा ने सभी नागरिकों से पर्वों को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा सभी पर बनी रहे तथा धमतरी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण कायम रहे।


