Uncategorized

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत धमतरी के तीर्थयात्री अमृतसर एवं वैष्णो देवी की यात्रा पर रवाना

रायपुर रेलवे स्टेशन पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने किया स्वागत, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं

धमतरी- मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत समाज कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धमतरी जिले के तीर्थयात्रियों को धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के तीर्थयात्री 10 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक निर्धारित तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु अमृतसर स्थित पवित्र स्वर्ण मंदिर, वैष्णो माता मंदिर तथा भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित ऐतिहासिक वाघा बॉर्डर का भ्रमण करेंगे।
राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्वागत अवसर पर उप संचालक, समाज कल्याण विभाग धमतरी डॉ. मनीषा पांडे तथा उप संचालक, समाज कल्याण विभाग महासमुंद श्रीमती संगीता सिंह ने अपने-अपने जिलों के तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा पुष्पहार एवं शुभकामनाओं के साथ उन्हें यात्रा के लिए विदा किया। इसके पश्चात सभी तीर्थयात्री निर्धारित ट्रेन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित रहने वाले लोगों की धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी अभिलाषा पूरी हो सके।
इस यात्रा से तीर्थयात्रियों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखी गई। यात्रियों ने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। समाज कल्याण विभाग द्वारा यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा, समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!