Uncategorized

कुरूदवासियों को दीपावली पर मिलेगी ऐतिहासिक सौगात, 12 नवंबर को जल आवर्धन योजना का होगा भूमिपूजन

कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य तथा नगरपालिका परिषद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर की अध्यक्षता में सम्पन्न होगा भूमिपूजन

कुरूद। दीपावली उत्सव के पावन अवसर पर कुरूद नगरवासियों को पेयजल सुविधा के विस्तार की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नगर के लिए प्रस्तावित महत्वाकांक्षी जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास 12 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे वाटर फिल्टर प्लांट, रजिस्ट्री कार्यालय के बाजू में आयोजित किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से कुरूद बड़े नहर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है, जिससे आने वाले कई वर्षों तक नगरवासियों को निरंतर जलापूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
इस महत्वपूर्ण योजना का भूमिपूजन कार्यक्रम पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य तथा नगरपालिका परिषद कुरूद की अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर की अध्यक्षता में संपन्न होगा। कार्यक्रम में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्षगण, नगरपालिका उपाध्यक्ष, समस्त पार्षदगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जल आवर्धन योजना को कुरूद नगर के भविष्य और नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। बढ़ती आबादी और भविष्य में पेयजल की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए इस योजना के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। बड़े नहर के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था होने से नगर को दीर्घकालीन पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
नगरपालिका परिषद कुरूद द्वारा आयोजित इस शिलान्यास समारोह को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। नगरपालिका प्रशासन ने नगर के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगरपालिका परिषद कुरूद की ओर से ई-आमंत्रण जारी कर सभी आमंत्रितजनों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!