Uncategorized

आदिशक्ति मां अंगारमोती की मड़ई 13 को, 150 युवाओं को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारी

महिला प्रभाग अध्यक्ष के नेतृत्व में महिलाओं की हुई अलग बैठक


धमतरी। गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती परिसर में 13 नवंबर को आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ के प्रथम मड़ई मेले की तैयारियों को लेकर अंगारमोती ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक सभागृह में ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मड़ई के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, परण परंपरा में शामिल होने वाली महिलाओं की व्यवस्था तथा परिसर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मड़ई में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और परण की कठिन पारंपरिक रस्म में शामिल होने वाली महिलाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 50 युवतियों और 100 युवकों की टीम गठित की गई है। युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी सदस्यों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गोंड समाज के महिला प्रभाग की अध्यक्ष के नेतृत्व में महिलाओं की अलग बैठक आयोजित कर महिलाओं की जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि मां अंगारमोती की मड़ई वर्षों से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित होती आ रही है। इस विरासत को संजोये रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना ट्रस्ट की प्राथमिकता है। बैठक में माधव सिंह ठाकुर, पुजारी ईश्वर नेताम, नरोत्तम ठाकुर, नारायण ध्रुव, जयपाल ठाकुर, ठाकुर राम नेताम, राधेश्याम नेताम, मान सिंह मरकाम, ईश्वरी नेताम, नंदा ध्रुव, ओंकार नेताम, ढालू सिंह ध्रुव, देवानंद नेताम, गणेश्वर ध्रुव, तुकाराम मरकाम, तिजेंद्र कुंजाम, हेमंत ध्रुव, नंदकिशोर नेताम, युवराज मरकाम, दिग्विजय ध्रुव, राजेंद्र ध्रुव, हरि नेताम, नरेंद्र नेताम, रोशन मरकाम, सोहन कुंजाम, भूमिका कोर्राम, रमी गौतम सहित महिला प्रभाग, युवा प्रभाग और सामान्य प्रभाग के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। बैठक में माता अंगारमोती की महिमा, इतिहास, पूजा पद्धति और पारंपरिक नियमों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए पृथक वेबसाइट तैयार करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को माता के इतिहास, धार्मिक मान्यताओं, पूजा-अर्चना की विधि तथा माता की सेवा में अपनाए जाने वाले पारंपरिक नियमों की प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मंदिर परिसर में लगातार बढ़ रही मनोकामना ज्योत की संख्या को देखते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप 5000 ज्योत क्षमता वाले नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय को भी शीघ्र पूर्ण कराकर सर्वसुविधायुक्त बनाने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में मंदिर परिसर के समग्र विकास और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। जिला प्रशासन के माध्यम से पर्यटन विभाग को भेजे गए विकास प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कराने के लिए विभागीय स्तर पर संपर्क और पहल करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा परिसर में स्थापित 30 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल को जल्द से जल्द प्रारंभ कराने पर भी जोर दिया गया, जिससे मंदिर परिसर की ऊर्जा आवश्यकताओं में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!