एसपी सूरज सिंह परिहार को भावभीनी विदाई, प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने उनके सफल एवं उल्लेखनीय कार्यकाल को किया नमन
कलेक्टर, डीएफओ, एएसपी एवं सीएसपी ने कहा-श्री परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने उत्कृष्ट पुलिसिंग, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था एवं जनविश्वास के नए प्रतिमान स्थापित किए

चर्चित प्रकरणों के सफल निराकरण, मादक पदार्थों के विरुद्ध निर्णायक अभियान एवं चुनौतीपूर्ण कानून-व्यवस्था के कुशल प्रबंधन के लिए दी गई विशेष बधाई
धमतरी पुलिस परिवार द्वारा पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार (भा.पु.से.) के स्थानांतरण के अवसर पर आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में उन्हें आत्मीय एवं भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में उपस्थित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनके सफल, अनुशासित, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी कार्यकाल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नवीन दायित्वों में निरंतर सफलता की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सूरज सिंह परिहार ने अपने कार्यकाल के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस के बीच उत्कृष्ट समन्वय स्थापित करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी श्री परिहार ने धैर्य, दृढ़ता एवं प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया, जिसके परिणामस्वरूप अनेक जटिल एवं चर्चित प्रकरणों का सफल निराकरण हुआ तथा आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) श्री कृष्ण जाधव ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री परिहार का सहज व्यक्तित्व, प्रशासनिक दक्षता एवं विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की कार्यशैली अत्यंत प्रेरणादायी रही। उन्होंने कहा कि जनहित एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में उनका सहयोग सदैव सराहनीय एवं अनुकरणीय रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने अनेक चुनौतीपूर्ण कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके कुशल मार्गदर्शन में ट्रिपल मर्डर प्रकरण, बरड़िया ज्वैलर्स गोलीकांड सहित कई चर्चित मामलों का त्वरित एवं सफल खुलासा किया गया। इसके साथ ही मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार चलाए गए विशेष अभियान, बड़ी मात्रा में गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की जब्ती, संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश, अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा संवेदनशील कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों के सफल प्रबंधन ने धमतरी पुलिस को प्रदेश स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई।
नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि श्री परिहार का नेतृत्व प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने टीम भावना, अनुशासन, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग की ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित की, जिसके परिणामस्वरूप धमतरी पुलिस ने अनेक जटिल मामलों के निराकरण, प्रभावी अनुसंधान एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलताएँ अर्जित कीं।
विदाई समारोह के दौरान राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी सूरज सिंह परिहार के साथ कार्य करने के अपने अनुभव साझा किए। सभी ने उनके सरल, सहज एवं संवेदनशील व्यक्तित्व, निष्पक्ष निर्णय क्षमता, अधीनस्थों के प्रति आत्मीय व्यवहार तथा कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कार्य करना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए गौरव एवं सीख का विषय रहा। उनके नेतृत्व ने पुलिस बल में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त किया।समारोह का वातावरण अत्यंत भावुक एवं आत्मीय रहा। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री सूरज सिंह परिहार को स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएँ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नई जिम्मेदारियों में निरंतर सफलता की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीएम पीयूष तिवारी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीपीओ अजय सिंह, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।