नवनियुक्त निगम आयुक्त अरुण वर्मा से विधायक प्रतिनिधि आकाश गोलछा की सौजन्य भेंट, शहर विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

धमतरी। नगर निगम धमतरी के नवनियुक्त आयुक्त अरुण वर्मा से विधायक प्रतिनिधि एवं जिला कांग्रेस महामंत्री आकाश गोलछा ने सौजन्य भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शहर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा लंबित विकास कार्यों को शीघ्र गति देने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भेंट के दौरान आकाश गोलछा ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास की सबसे महत्वपूर्ण संस्था है। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाना आवश्यक है। उन्होंने शहर में लंबे समय से लंबित निर्माण कार्यों, सड़क, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था एवं अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया।
निगम आयुक्त अरुण वर्मा ने सकारात्मक सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
आकाश गोलछा ने विश्वास व्यक्त किया कि नए आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और शहर के अधूरे कार्य शीघ्र पूरे होंगे, जिससे नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर सूरज पासवान एवं रजत सोनकर भी उपस्थित रहे।

