Uncategorized

कलेक्टर से सौजन्य भेंट, भखारा-भठेली के विकास कार्यों पर हुई सार्थक चर्चा

विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में विकास कार्यों को मिल रही गति, विभिन्न स्वीकृतियों के लिए जताया आभार

भखारा। नगर पंचायत भखारा-भठेली की अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट कर नगर एवं अंचल में चल रहे तथा प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान नगर के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ज्योति हरख जैन ने बताया कि विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से डीएमएफ मद से भखारा-भठेली में खेल प्रेमियों के लिए बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड स्थापित किया जाएगा। साथ ही स्वामी विवेकानंद ई-लाइब्रेरी में वाई-फाई सुविधा प्रारंभ होने से विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
बैठक में आगामी समय में अम्मा तालाब एवं आसपास के तालाबों को प्रवासी (विदेशी) पक्षियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए रामसर परियोजना की अवधारणा के अनुरूप विकसित करने के विषय पर भी सकारात्मक चर्चा हुई, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

*भूमिहीन कृषक योजना एवं बैंकिंग सुविधा का उठाया मुद्दा*

ज्योति हरख जैन ने कलेक्टर का ध्यान इस ओर भी आकर्षित कराया कि दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य शासन से मिलने वाली सहायता राशि का लाभ पोर्टल बंद होने के कारण अनेक पात्र हितग्राहियों को नहीं मिल पाया है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में भी लिखित रूप से मांग रखी थी। कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन इस विषय पर गंभीरता से आवश्यक पहल कर रहा है।

इसके अतिरिक्त भखारा अंचल में शासकीय चालान जमा करने की सुविधा किसी भी बैंक में उपलब्ध नहीं होने की समस्या से भी कलेक्टर को अवगत कराया गया। इस संबंध में मांग पत्र सौंपते हुए स्थानीय स्तर पर शासकीय चालान स्वीकार करने की बैंकिंग सुविधा प्रारंभ कराने का आग्रह किया गया।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा नगर एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!