बस-हाइवा मे भिड़ंत, बस कंडक्टर व यात्री घायल

मिली जानकारी के अनुसार मनीष ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 07 CQ 4300 बुधवार रात रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी। तभी पूट्टू ढाबा के आगे राइस मिल के पास हाईवा क्र सीजी 05 AB 5638 अचानक राइस मिल की ओर मुड़ गया। जिससे सामने से आ रही बस उससे टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि बस का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के समय बस में यात्री सवार थे,कई सो रहे थे जिससे चीख-पुकार मच गई। हादसे में रायपुर निवासी बिशाल सिन्हा (40 वर्ष) शामिल है, जो अपने परिवार के साथ तोकापाल जा रहे थे।दूसरे घायल खिलेन्द्र वर्मा (32 वर्ष) है, जो बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत थे।दोनों का श्री राम अस्पताल में इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित है और किसी अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
वरदान परमार्थ सेवा समिति के शिवा प्रधान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह डोमन साहू के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।दोनों ने घायलों को प्राथमिक सहायता दी और बिना समय गंवाए श्री राम अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है।उन्होंने बताया कि समय पर राहत मिलने से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुरूर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हाईवा के अचानक मुड़ने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
