भाजपा ने देवद्रव्य चोरी करने के महापाप का संरक्षण किया है – शैलेश नितिन त्रिवेदी
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने ली पत्रकार वार्ता
कांग्रेसियो ने कहा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की आस्था पर डाका डालने वालों को बचाने की नहीं, बेनकाब करने और कानून के कठघरे में खड़ा करने की आवश्यकता है

धमतरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा आज राजीव भवन में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितताओं को लेकर एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्री त्रिवेदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और नैतिक चेतना के प्रतीक हैं। देश के कोने-कोने से गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई, अपने गहने, अपनी बचत और अपनी श्रद्धा लेकर राम मंदिर निर्माण के लिए आगे आए। भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और संघ परिवार के संगठनों ने लगभग तीन दशकों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति की, देश के गरीब व मध्यम वर्ग से राम के नाम पर चंदा एकत्र किया और इसी आंदोलन के आधार पर सत्ता प्राप्त की। आज वही करोड़ों रामभक्त यह पूछने को मजबूर हैं कि भगवान राम के नाम पर जुटाया गया चंदा और चढ़ावा आखिर किसके संरक्षण में लूटा गया? यह केवल आर्थिक घोटाला नहीं है। यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और भावनाओं के साथ किया गया घोर विश्वासघात है। भाजपा राम द्रोही है, उसने पहले चंदा में हेराफेरी करवाया अब चढ़ावा में चोरी। भाजपा ने राम मंदिर के निर्माण के समय रामशीला पूजन के नाम से जो 14000 करोड़ रू. से अधिक राशि एकत्रित हुआ था। उसका जवाब आरएसएस एवं भाजपा के लोग नहीं दे पाये। उनके ही सहयोगी नेताओं ने ही राम मंदिर निर्माण के समय एकत्रित किये चंदे का आरोप लगाया था। भाजपा ने देवद्रव्य चोरी करने के महापाप का संरक्षण किया है। राम मंदिर न्यास ट्रस्ट का गठन गृहमंत्री अमित शाह ने किया था इसलिए वहां पर घोटाले की नैतिक जिम्मेदारी मोदी और शाह की बनती है। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारिणी चन्द्राकर, अरविंद दोशी, आनंद पवार, कविता योगेश बाबर, योगेश शर्मा, सूर्याराव पवार, रजत जसूजा, कृष्णा मरकाम, विशु देवांगन, सूर्यप्रभा चेटियार, आशुतोष खरे आदि कांग्रेसी उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने उठाये कई सवाल
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस ने कई सवाल उठाये। जिनमें जब ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ, तो इस घोटाले की जवाबदेही कौन लेगा? अगर सब कुछ ठीक था, तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए? अगर कुछ गलत नहीं हुआ, तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच से डर किस बात का है? क्या डबल इंजन सरकार दोषियों को बचा रही है? क्या केंद्र सरकार सच्चाई सामने आने से डर रही है? अगर सब कुछ पारदर्शी था, तो इस्तीफे क्यों हुए? गिरफ्तारियां शीर्ष स्तर पर क्यों नहीं हुई?
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, एफआईआर गिरफ्तारी सहित कांग्रेस ने की कई मांग
प्रेसवार्ता के दौरान पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा चंपत राय, अनिल मिश्रा और इस पूरे घोटाले में शामिल सभी प्रभावशाली व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए, चढ़ावे और चंदे का पूर्ण फॉरेंसिक ऑडिट की जाए।


