Uncategorized

11 वी के छात्र ने 18 सहपाठियो को काटा, छात्र के अचानक आक्रामक हो जाने से स्कूल में अफरा-तफरी

घायल छात्रों को एहतियात के तौर पर लगाया गया एंटी-रेबीज टीका

धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड स्थित ग्राम सिलौटी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र के अचानक आक्रामक हो जाने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के 11वीं कक्षा के एक छात्र ने पिछले 3-4 दिनों में अपने 18 सहपाठियों को काट लिया। घटना के बाद घायल छात्रों को उपचार के लिए ग्राम कोर्रा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सभी को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार छात्र का व्यवहार अचानक असामान्य और आक्रामक हो गया। बताया गया कि उसने केवल लड़के छात्रों को ही काटा, जबकि किसी छात्रा को नुकसान नहीं पहुंचाया। घटना के बाद विद्यालय में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।विद्यालय के शिक्षक संतोष कुमार ध्रुव ने बताया कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और छात्रों का उपचार सुनिश्चित कराया। घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। इस संबंध में प्राचार्य से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोर्रा के मेडिकल ऑफिसर डॉ. जय प्रकाश देवान ने बताया कि घायल छात्रों को एहतियात के तौर पर एंटी-रेबीज टीका लगाया गया है। वहीं संबंधित छात्र की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच चर्चा है कि करीब तीन वर्ष पहले संबंधित छात्र को एक कुत्ते ने काटा था। इसी आधार पर कुछ लोग इसे रेबीज से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि चिकित्सकों ने फिलहाल इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
जिला अस्पताल के डॉ आदित्य सिन्हा ने बताया कि छात्र को अभी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है किसी प्रकार के कोई रेबीज के लक्षण नहीं है। काउंसलिंग में छात्र ने बताया कि कबड्डी खेलने के दौरान निर्णय को नहीं मानने पर उसने कुछ लोगों को काटा था। 3 साल पहले की घटना से इसे जोड़ा नहीं जा सकता है। छात्र के लक्षणों की विस्तृत जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। ऐसे में किसी भी संभावित कारण, जैसे रेबीज या अन्य बीमारी की आधिकारिक पुष्टि होने तक अटकलों से बचने की सलाह दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!