वनांचल के सपनों को मिली नई उड़ान-एकलव्य आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह के 12 विद्यार्थियों ने नीट 2026 किया क्वालिफाई

धमतरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पथर्रीडीह ने वर्ष नीट-2026 में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर जिले को गौरवान्वित किया है। वनांचल के इस आवासीय विद्यालय से इस वर्ष 24 विद्यार्थियों नीट-2026 परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 12 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता प्राप्त की है। इन विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से अब दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के द्वार खुल गए हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों में राधेश्याम ने 388 अंक (88.49 परसेंटाइल) प्राप्त कर सर्वोच्च प्रदर्शन किया। इसके अलावा डिंपल कंवर (349 अंक), मनीषा (300 अंक), पूर्णिमा (300 अंक), दयानंद मरकाम (280 अंक), दिव्या (271 अंक), हरिकेश कुमार (263 अंक), सोनम दीवान (244 अंक), मेनका (220 अंक), प्रीति कश्यप (196 अंक), गुंजा (182 अंक) तथा आराधना (180 अंक) ने भी सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विमल साहू ने विद्यालय के प्राचार्य नीरज त्यागी, समस्त शिक्षकों एवं सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
नीट-2026 में मिली सफलता धमतरी जिले के लिए गर्व का विषय है – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी । साथ ही उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथरीडीह के विद्यार्थियों की नीट-2026 में मिली सफलता पूरे धमतरी जिले के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और शासन द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के सतत प्रयासों का परिणाम है। यह सफलता केवल 12 विद्यार्थियों की उपलब्धि नहीं, बल्कि वनांचल के उन हजारों सपनों की जीत है जो शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं।


