Uncategorized

पदभार सम्भालते ही सक्रिय हुए नये आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, बुनियादी सुविधाओं से लेकर विकास तक दे रहे जोर

अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं लंबित कार्यों की ली विस्तृत जानकारी


धमतरी। नवपदस्थ आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। बैठक के दौरान आयुक्त श्री वर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं लंबित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का क्रियान्वयन धीमी गति से चल रहा है, उनमें तेजी लाई जाए तथा सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें और जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। आयुक्त श्री वर्मा ने शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत एवं निर्माण, नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, उद्यानों के रखरखाव तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें – अरुण वर्मा
निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि धमतरी को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है
आयुक्त ने कहा कि धमतरी शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!